Lalitpur: नेचर एंड बर्ड फेस्टिवल का शुभारंभ, बोले पर्यटन मंत्री - बुंदेलखंड बनेगा पर्यटकों की पहली पसंद

प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की एक जनपद, एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना और राज्य सरकार की वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन (ओडीओसी) योजना के बाद अब उत्तर प्रदेश वन डिस्ट्रिक्ट, वन वेटलैंड के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म विकास बोर्ड भविष्य के लिए ब्रांड एंबेसडर भी तैयार कर रहा है। पर्यटन मंत्री सोमवार को देवगढ़ स्थित महावीर स्वामी वन्यजीव अभयारण्य में सेलिब्रेटिंग कल्चरल हेरिटेज थीम पर आयोजित नेचर एंड बर्ड फेस्टिवल के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे। इस मौके पर उन्होंने ललितपुर और झांसी जनपदों में लगभग 24 करोड़ रुपये की पर्यटन विकास योजनाओं का लोकार्पण भी किया। जयवीर सिंह ने कहा कि युवाओं को प्रकृति और पर्यटन से जोड़ने के उद्देश्य से टूरिज्म क्लबों के सदस्यों को विस्टाडोम कोच, विभिन्न पक्षी विहारों और समीपवर्ती प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण कराया जा रहा है। विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों में प्रारंभिक स्तर से ही पर्यावरण संरक्षण और ईको टूरिज्म के प्रति जागरूकता विकसित की जा रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक जनपद के अल्पज्ञात पर्यटन स्थलों का भी सुनियोजित विकास हो। ललितपुर में हैं पर्यटन की असीम संभावनाएं उन्होंने कहा कि ललितपुर का देवगढ़ क्षेत्र ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है। यहां प्राचीन जैन मंदिर, बौद्ध गुफाएं, दशावतार मंदिर और बेतवा नदी के तट पर फैली जैव-विविधता इसे विशिष्ट पहचान दिलाती है। केवल देवगढ़ ही नहीं, पूरा ललितपुर पर्यटन संभावनाओं से परिपूर्ण है। नेचर एंड बर्ड फेस्टिवल के दौरान आमजन पक्षियों का अवलोकन कर सकते हैं, प्रकृति के बीच भ्रमण कर सकते हैं और आर्द्रभूमि संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों में भाग ले सकते हैं। पर्यटन मंत्री ने बताया कि हाल में हुई संयुक्त बैठक में वन विभाग द्वारा अब तक 52 वेटलैंड्स के सूचीबद्ध होने की जानकारी दी गई है, जिन पर पर्यटन सुविधाओं के विकास पर सहमति बनी है। साथ ही प्रदेश की 11 रामसर साइट्स और चार टाइगर रिज़र्व के आसपास पर्यटन ढांचे के विकास को लेकर भी दोनों विभागों में सहमति बनी है। बुंदेलखंड को पर्यटकों की पहली पसंद बनाने की कोशिश उत्तर प्रदेश की प्राकृतिक धरोहर को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए विभिन्न राज्यों और देशों के टूर ऑपरेटरों व यात्रा व्यवसायियों की फैम ट्रिप आयोजित की जा रही है। हाल ही में यूके, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका से आए प्रतिनिधियों ने न केवल प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना की, बल्कि उत्तर प्रदेश के पर्यटन स्थलों को अपनी यात्रा सूची में भी शामिल किया है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड को घरेलू और विदेशी पर्यटकों की पहली पसंद बनाने के लिए कार्य तेजी से चल रहा है। नदियां, वेटलैंड्स और प्रवासी पक्षी हमारी धरोहर : सक्सेना इस अवसर पर पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अरुण सक्सेना ने कहा कि नेचर एंड बर्ड फेस्टिवल-2026 प्रदेश की समृद्ध जैव-विविधता, पक्षी संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की नदियां, वेटलैंड्स, वन क्षेत्र और प्रवासी पक्षी हमारी अमूल्य प्राकृतिक धरोहर हैं, जिनका संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। विकास तभी सार्थक है, जब वह प्रकृति के संतुलन के साथ हो। यह भी रहे मौजूद कार्यक्रम के दौरान फोटो गैलरी, चित्र प्रदर्शनी और विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर अतिथियों ने सराहना की। कार्यक्रम में श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ, सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं विभागाध्यक्ष सुनील कुमार चौधरी, मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे, जिलाधिकारी सत्य प्रकाश, पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक, डीएफओ नवीन शाक्य सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान का वीडियो

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 02, 2026, 23:39 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Lalitpur: नेचर एंड बर्ड फेस्टिवल का शुभारंभ, बोले पर्यटन मंत्री - बुंदेलखंड बनेगा पर्यटकों की पहली पसंद #CityStates #Lalitpur #TourismWillGetABoostInJhansi-lalitpur #ProjectsWorthRs24CroreInaugurated #NatureAndBirdFestivalInauguratedInDeogarh #TourismMinisterReachedLalitpur #SubahSamachar