बालोतरा में भीषण सड़क हादसा: NH-125 पर डंपर में जा घुसी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, पांच युवकों की मौत, तीन गंभीर
जिले में रविवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-125 पर हुए भीषण सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा भांडियावास गांव के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे डंपर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्कॉर्पियो में फंसे घायलों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू कराया। तीन युवकों की मौके पर ही मौत हादसा इतना भयावह था कि तीन युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल अन्य लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद 108 एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंची। ऐसे में निजी एम्बुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से घायलों एवं मृतकों को बालोतरा के राजकीय नाहटा अस्पताल पहुंचाया गया। ये भी पढ़ें:Rajasthan:अलवर पहुंचे जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश, GST अधिकारी के घर डकैती का जल्द खुलासा होने का दावा जोधपुर रैफर किए गए दो घायलों ने तोड़ा दम नाहटा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल मरीजों को बेहतर इलाज के लिए जोधपुर रैफर किया गया। वहां उपचार के दौरान दो और युवकों की मौत हो गई। इसके साथ ही इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई, जबकि तीन अन्य घायलों का उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले सभी युवक बालोतरा जिले के बायतू क्षेत्र के कानोड़ गांव के रहने वाले थे। एक साथ पांच युवकों की मौत की खबर गांव पहुंचते ही मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। यह हादसा एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। वहीं समय पर एम्बुलेंस नहीं पहुंचने के स्थानीय लोगों के आरोपों ने आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 13, 2026, 08:01 IST
बालोतरा में भीषण सड़क हादसा: NH-125 पर डंपर में जा घुसी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, पांच युवकों की मौत, तीन गंभीर #CityStates #Balotra #Rajasthan #BalotraAccident #BalotraRoadAccident #RajasthanAccidentNews #BalotraNews #RoadAccidentRajasthan #ScorpioAccident #DumperAccident #Nh-125Accident #BalotraHighwayAccident #SubahSamachar
