Burhanpur News: बहन को बचाने में गई 18 वर्षीय लक्ष्मी की जान, ट्रेन की चपेट में आकर मौत
शहर के उतावली पांच पुलिया क्षेत्र के पास सोमवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शौच के लिए घर से थोड़ी दूरी पर गई 18 वर्षीय लक्ष्मी की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ, जब वह अपनी मासूम छोटी बहन को बचाने की कोशिश कर रही थी। परिजनों के अनुसार, लक्ष्मी अपनी छोटी बहन निहारिका को साथ लेकर घर से बाहर गई थी। दोनों रेलवे ट्रैक के पास मौजूद थीं। इसी दौरान अचानक निहारिका घबराकर रेलवे लाइन की ओर दौड़ पड़ी। उसी समय तेज रफ्तार ट्रेन ट्रैक पर आ गई। छोटी बहन को खतरे में देख लक्ष्मी बिना पल भर सोचे उसे बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन दुर्भाग्यवश वह खुद ट्रेन की चपेट में आ गई। इस हृदयविदारक हादसे में लक्ष्मी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटी बहन सुरक्षित बच गई। ये भी पढ़ें-सिंहस्थ के लिए 4200 हेक्टेयर में होगी फूलों की खेती, विशेष क्लस्टर बनेगा, केंद्र से मांगी मंजूरी घटना के बाद रेलवे ट्रैक के आसपास अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। लक्ष्मी की मां का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं बार-बार सामने आती हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह हादसा एक बार फिर रेलवे ट्रैक के पास रहने वाले लोगों की सुरक्षा और जागरूकता पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। लक्ष्मी की कुर्बानी ने सभी की आंखें नम कर दी हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 07, 2026, 08:30 IST
Burhanpur News: बहन को बचाने में गई 18 वर्षीय लक्ष्मी की जान, ट्रेन की चपेट में आकर मौत #CityStates #Burhanpur #MadhyaPradesh #UtavaliFiveBridges #TrainAccident #SisterRescued #Lakshmi'sDeath #RailwayTrack #TragicIncident #SubahSamachar
