प्रशिक्षण अभियान कार्यकर्ता को तराशने की प्रक्रिया : बड़ौली
माई सिटी रिपोर्टर सोनीपत। भारतीय जनता पार्टी का पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान के तहत बुधवार को सेक्टर-7 स्थित जिला कार्यालय में कार्यशाला आयोजित की गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यकर्ता को तराशने की प्रक्रिया है। हमें मंडल स्तर तक सशक्त, प्रशिक्षित और समर्पित कार्यकर्ता तैयार करना है। उन्होंने कहा कि यह महा अभियान व्यक्ति से राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में विकसित भारत-विकसित हरियाणा के संकल्प को सशक्त करेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा के सभी 370 मंडलों में एक ही समयावधि में यह प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। 7 मार्च से 14 अप्रैल तक पूरे देश में यह अभियान चरणबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाएगा। भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि यह प्रशिक्षण महाभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि संगठनात्मक पुनर्संरचना और वैचारिक सुदृढ़ीकरण का व्यापक अभियान है। कार्यक्रम के आरंभ में जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का महत्व बताया। इस अवसर पर सोनीपत प्रभारी सतीश नांदल, विधायक पवन खरखौदा, निवर्तमान मेयर राजीव जैन, देवेंद्र कौशिक, पूर्व मंत्री अनिल ठक्कर, आजाद सिंह नेहरा, जिला मीडिया प्रभारी दिनेश अत्री, महिला जिला अध्यक्ष मोनिका दहिया, जिला महामंत्री तरुण देवदास, सुमित्रा चौहान, सोनिया मोर, नवीन मंगला आदि उपस्थित रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 18, 2026, 18:03 IST
प्रशिक्षण अभियान कार्यकर्ता को तराशने की प्रक्रिया : बड़ौली #TrainingCampaign:ProcessOfGroomingTheWorker:Barauli #SubahSamachar
