Mahendragarh-Narnaul News: ट्यूबवेलों की केबल चोरी करने वाला गिरफ्तार, भारी मात्रा में चोरी की केबल और तांबा बरामद
महेंद्रगढ़। थाना सदर की टीम ने खेतों में लगे ट्यूबवेलों से बिजली की केबल चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी वीरेंद्र निवासी जसरापुर तेज सिंह की ढाणी थाना खेतड़ी नगर जिला झुंझुनूं (राजस्थान) है। आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।महेंद्रगढ़ के गांव जांट निवासी सजन सिंह ने थाना सदर महेंद्रगढ़ में शिकायत दी कि 9 जून को उसके खेत में लगे ट्यूबवेल की करीब 90 फुट बिजली की केबल चोरी हो गई थी। इसके बाद जब जांच की गई तो पता चला कि उसके आसपास के चार अन्य किसानों अनिल, राजबीर, रणजीत और भवानी सिंह के ट्यूबवेलों से भी भारी मात्रा में केबल चोरी हुई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी काफी समय पहले यहां आया था उसने देखा कि खेतों में बड़ी संख्या में ट्यूबवेल हैं। इनमें महंगी कॉपर (तांबा) केबल लगी हुई हैं। आरोपी अपने घर से केबल कटर लेकर ट्रेन के जरिए महेंद्रगढ़ पहुंचा था। वह दिन के समय खेतों की रेकी करता था और रात के अंधेरे में जेरपुर, मांडोला, पाली, धोली, झाखड़ी, जाट और भुरजट जैसे आसपास के कई गांवों के खेतों से केबल काट लेता था। इसके बाद वह केबल को अपने गांव ले जाकर जलाता था और उसमें से तांबा निकालकर कबाड़ियों को बेच देता था। पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर कुल पांच ट्यूबवेलों से चोरी की गई 280 फीट केबल और 3.150 किलोग्राम तांबे का तार बरामद किया गया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल होने वाला एक केबल कटर भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। महेंद्रगढ़ पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि क्षेत्र में हुई अन्य संभावित चोरियों का पता लगाया जा सके और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 13, 2026, 18:07 IST
Mahendragarh-Narnaul News: ट्यूबवेलों की केबल चोरी करने वाला गिरफ्तार, भारी मात्रा में चोरी की केबल और तांबा बरामद #TubewellCableThiefArrested;LargeQuantityOfStolenCableAndCopperRecovered. #SubahSamachar
