लॉरेंश के दो शूटर मुठभेड़ में ढेर: जिम ट्रेनर का किया कत्ल, गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग में भी थे शामिल
दिल्ली और हरियाणा पुलिस ने हांसी के जिम ट्रेनर कपिल हत्याकांड के दो मुख्य आरोपी शूटरों प्रवेश व हिमांशु को बहादुरगढ़ में मुठभेड़ में मार गिराया। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े दोनों शूटर हिसार के रहने वाले थे। इन पर हरियाणा पुलिस ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। बदमाशों की गोली लगने से दिल्ली पुलिस का सिपाही अंकित भी घायल हो गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस टीम और हरियाणा की एसटीएफ की टीम ने यह कार्रवाई की। स्पेशल सेल के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त पीएस कुशवाह ने बताया कि 11 जून को हिसार के हांसी में जिम ट्रेनर कपिल की हत्या और उसी दिन दिल्ली के पश्चिम विहार स्थित गायक गुरु रंधावा के जिम 24 ऑवर फिटनेस पर गोलीबारी की गई थी। दोनों वारदात की जिम्मेदारी लॉरेंस समर्थित गैंगस्टर हैरी बॉक्सर व अनिल पंडित के गिरोह ने ली थी। जांच में प्रवेश व हिमांशु का नाम सामने आया था। गिरफ्तार शूटरों से मिला था पुलिस को भागे हुए आरोपियों का सुराग दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस टीम और हरियाणा पुलिस की बहादुरगढ़ एसटीएफ की टीम की कार्रवाई में ढेर शूटर प्रवेश और हिमांशु के बारे में गिरफ्तार शूटरों से आरोपियों का सुराग मिला था। स्पेशल सेल ने 25 जून को पश्चिम विहार ईस्ट के नाला रोड पर मुठभेड़ के बाद जिम पर गोलीबारी करने वाले दो अन्य शूटर हकीकत उर्फ साहिल और सागर को गिरफ्तार किया था। दोनों हरियाणा के सोनीपत जिले के रावरा गांव के रहने वाले हैं। मुठभेड़ में साहिल की दाहिनी कोहनी और सागर के बाएं घुटने में गोली लगी थी। इलाज के बाद दो जुलाई को दोनों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि हांसी हत्याकांड और जिम पर गोलीबारी की दोनों वारदात को कुल छह शूटरों ने अंजाम दिया था। इनमें से दो आरोपियों को पहले ही दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा गिरफ्तार कर चुकी है। साहिल और सागर से मिली जानकारी के आधार पर ही प्रवेश और हिमांशु की लोकेशन का पता चला, जिसके बाद संयुक्त अभियान चलाकर दोनों को ढेर कर दिया गया। मकोका के तहत गैंग के पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई दिल्ली पुलिस ने इस मामले में फरार गैंगस्टर हरिराम जाट उर्फ हैरी बॉक्सर, अनिल पंडित और उनके अन्य सहयोगियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य केवल शूटरों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे आपराधिक सिंडिकेट के आर्थिक और लॉजिस्टिक नेटवर्क को ध्वस्त करना है। जांच एजेंसियां फंडिंग नेटवर्क, सहयोगियों के ठिकानों की भी पड़ताल कर रही हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 06, 2026, 01:34 IST
लॉरेंश के दो शूटर मुठभेड़ में ढेर: जिम ट्रेनर का किया कत्ल, गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग में भी थे शामिल #CityStates #Delhi #DelhiPoliceNews #ShootersEncounter #LawrenceShootersKilled #SubahSamachar
