विदिशा में बड़ा सड़क हादसा: मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, किसान समेत दो की मौत; बच्चों सहित 20 घायल

विदिशा के कुरवाई थाना क्षेत्र में बीना रोड पर लायरा और मलियाखेड़ा गांव के बीच मूंग की फसल काटने जा रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में स्थानीय किसान और एक बुजुर्ग मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बच्चों समेत करीब 20 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख पुकार से पूरा इलाका दहल उठा। घटना सुबह की है। उमरिया से आए प्रवासी मजदूरों का दल ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर खेतों की ओर जा रहा था। साथ में मजदूरों के छोटे बच्चे भी थे। ट्रॉली में करीब 22 लोग सवार थे। लायरा और मलियाखेड़ा के बीच अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ा और ट्रॉली समेत पलट गया। सड़क पर गिरते ही मजदूर एक दूसरे के ऊपर आ गए। कुछ देर के लिए अफरा तफरी मच गई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया सूचना मिलते ही कुरवाई थाना प्रभारी आर. के. मिश्रा दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर सभी घायलों को ट्रॉली से निकाला। सभी को तुरंत कुरवाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने 55 वर्षीय स्थानीय किसान ऋषभ साहू उर्फ ऋषि और उमरिया निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग मजदूर दरबारी कौल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में 20 वर्षीय दिव्या कोल और 35 वर्षीय रजनी कोल को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। बाकी 18 घायल कुरवाई स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती हैं। घायलों में कई मासूम बच्चे भी शामिल हैं। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। ये भी पढ़ें-Twisha Sharma Case: भोपाल में रातभर चली समर्थ से पूछताछ, घटना वाली रात की कहानी में झोल! कई सवालों पर उलझन मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। दुर्घटना के साक्ष्य जुटाए गए और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। थाना प्रभारी आर. के. मिश्रा के अनुसार सभी वैधानिक व कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार हादसे की वजह मानी जा रही है। फिर भी पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। हादसे के तीन घंटे बाद तक पुलिस और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर रहा। प्रशासन ने घायलों के परिजनों को सूचना दे दी है। मूंग कटाई के सीजन में मजदूर परिवार सहित खेतों पर जाते हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली में क्षमता से ज्यादा लोग बैठाए जाते हैं। सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं होते। थोड़ी सी चूक बड़े हादसे का कारण बन जाती है। हादसे मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा जाएगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 23, 2026, 11:17 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




विदिशा में बड़ा सड़क हादसा: मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, किसान समेत दो की मौत; बच्चों सहित 20 घायल #CityStates #MadhyaPradesh #Vidisha #VidisaNews #VidishaAccident #Kurwai #ShaheedTrolleyOverturned #RoadAccident #LaborerInjured #MadhyaPradeshNews #FarmerDied #SubahSamachar