UP: बिहार में बैठे साइबर ठग को उपलब्ध कराते थे बैंक खाते, जनसेवा केंद्र संचालक समेत दो मददगार गिरफ्तार
शाहजहांपुर में सर्विलांस सेल, स्वाट, एसओजी व चौक कोतवाली की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात बरेली मोड़ स्थित पेट्रोप पंप के सामने घेराबंदी कर जनसेवा केंद्र संचालक चौक कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी निवासी श्रीश गुप्ता व आरसी मिशन थाना क्षेत्र के तारीन गाड़ीपुरा निवासी राहिल को गिरफ्तार कर लिया। दोनों बिहार के रहने वाले ठग राजीव रंजन को खाते उपलब्ध कराते थे। फिर ठग अपने मददगारों को तय की गई रकम भेजता था। इंस्पेक्टर अश्वनी कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ में श्रीश गुप्ता ने बताया कि उसका बरेली मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के सामने जनसेवा केंद्र है। करीब डेढ़ साल पूर्व बिहार निवासी रोहित रंजन से उसका मोबाइल फोन से संपर्क हुआ। रोहित रंजन ने उसे कुछ सेविंग एकाउंट उपलब्ध कराने के बदले 4500 रुपये प्रति एकाउंट के हिसाब से देना तय किया। इसके बाद काम में राहिल को शामिल किया। राहिल सीधे-साधे लोगों को बहलाकर व लालच देकर उनका आधार कार्ड व पैन कार्ड प्राप्त कर उसे देता था। इसके बाद वह उन लोगों के आधार से ऑनलाइन खाता खोलता था। फिर उन खातों में रोहित रंजन के दिए गए मोबाइल नंबर को शामिल करता था। ट्रेन के अटेंडेंट के माध्यम से भेजता था डेबिट कार्ड उसी मोबाइल नंबर पर खाते का ओटीपी जाता था। इसके बाद रोहित रंजन उसे ओटीपी बताता था। उस खाते के एटीएम की डिलीवरी के पते पर अपना पता दे देता था। जब खाते का डेबिट कार्ड आता तो उसे लिफाफे में रखकर श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन में लगे अटेंडेंट के माध्यम से रोहित रंजन के बताए गए बिहार के किसी भी स्टेशन पर भेज देता था। इसके बदले में रोहित रंजन उसे खाते के माध्यम से 4500 रुपये भेजता, फिर उन रुपयों को बांट लेते थे। रोहित रंजन खातों से धोखाधड़ी कर प्राप्त रकम को ऑनलाइन ट्रांसफर कर निकाल लेता था, हालांकि उक्त ऑनलाइन खातों का मूल स्वामी शाहजहांपुर के आधार कार्ड एवं पैन कार्ड स्वामी ही हैं, लेकिन खाता प्रयोगकर्ता रोहित रंजन है। इंस्पेक्टर ने बताया कि बाकी लोगों की तलाश की जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 09, 2026, 01:32 IST
UP: बिहार में बैठे साइबर ठग को उपलब्ध कराते थे बैंक खाते, जनसेवा केंद्र संचालक समेत दो मददगार गिरफ्तार #CityStates #Crime #Shahjahanpur #BankAccounts #CyberFraud #TwoAccusedArrested #Police #SubahSamachar
