Punjab: गुरुद्वारे में गिरा निर्माणाधीन छत का हिस्सा, हादसे के वक्त चल रहा था लंगर, दो महिलाओं की मौत; 5 घायल

गुरुद्वारा शहीद गंज बाबा दीप सिंह जी में रविवार को निर्माणाधीन लंगर हॉल की छत की लोहे की शटरिंग अचानक टूटकर नीचे गिर गई। उस समय वहां लंगर सेवा और माथा टेकने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य महिलाएं घायल हो गईं। घायलों को तुरंत श्री गुरु रामदास अस्पताल और सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ महिलाओं के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि डॉक्टरों की टीम घायलों के इलाज में जुटी हुई है। मौके पर पहुंची एडीसीपी अमनदीप कौर ने बताया कि तुरंत राहत कार्य शुरू करवाया गया। उन्होंने बताया कि हादसे के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु लंगर हॉल में मौजूद थे। शटरिंग गिरने के बाद अफरा-तफरी मच गई और संगत के सहयोग से मलबे में फंसी महिलाओं को बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक जोरदार आवाज आई, जिसके बाद लोहे की प्लेटें नीचे आ गिरीं। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। एक घायल महिला ने बताया कि वह माथा टेकने के लिए लाइन में खड़ी थी। अचानक धक्का महसूस हुआ और वह नीचे गिर गई। होश आने पर पता चला कि कई महिलाएं घायल हो चुकी थीं। महिला के सिर में चोट आई है और टांके लगाए गए हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 24, 2026, 12:40 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Punjab: गुरुद्वारे में गिरा निर्माणाधीन छत का हिस्सा, हादसे के वक्त चल रहा था लंगर, दो महिलाओं की मौत; 5 घायल #CityStates #Punjab #Amritsar #SubahSamachar