चाचा-भतीजे की मौत: ट्रैक्टर-ट्रॉली से धान बेचने जा रहे थे, पिकअप ने मारी टक्कर; दो परिवारों में मचा कोहराम
फिरोजाबाद के मक्खनपुर थाना क्षेत्र में धान बेचने जा रहे चाचा-भतीजे की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। इस अप्रत्याशित हादसे ने दिवाली की तैयारियों की खुशियों के बीच दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। सिरसागंज थाना क्षेत्र के एदलपुर गांव निवासी धर्मवीर अपने भाई कर्मवीर सिंह उर्फ दीपू (30) और अपने चाचा रविचंद्र (40) के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में धान लादकर बेचने के लिए हाथरस जा रहे थे। ट्रैक्टर धर्मवीर चला रहे थे। शुक्रवार रात करीब 11 बजे जैसे ही वे मक्खनपुर थाना क्षेत्र के नए बाईपास पर खाटू श्याम मंदिर से कुछ आगे बिल्टीगढ़ पुल के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन पलट गया। जिससे कर्मवीर और रविचंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। धर्मवीर को मामूली चोटें आईं। सूचना मिलते ही मक्खनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने कर्मवीर और रविचंद्र को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया है। हादसे में मृत दीपू ने पीईटी की तैयारी की थी। कॅरिअर को लेकर उसने सपना संजोए थे। उसे परीक्षा देनी थी। हादसे के बाद पिकअप को छोड़कर चालक मौके से भाग गया। पिकअप को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 24, 2026, 16:34 IST
चाचा-भतीजे की मौत: ट्रैक्टर-ट्रॉली से धान बेचने जा रहे थे, पिकअप ने मारी टक्कर; दो परिवारों में मचा कोहराम #CityStates #Agra #Firozabad #FirozabadAccident #UpPolice #SubahSamachar
