Pauri News: एआई और आधुनिक तकनीकें समझें, कॅरिअर के तलाशें अवसर
राजकीय पॉलिटेक्निक श्रीनगर में राज्य स्तरीय स्किल वीक कार्यक्रम का आयोजनछात्रों को एआई, मशीन लर्निंग और डिजिटल मार्केटिंग की दी जानकारीसंवाद न्यूज एजेंसी। श्रीनगर। राजकीय पॉलिटेक्निक श्रीनगर में आयोजित राज्य स्तरीय स्किल वीक कार्यक्रम के तहत मंगलवार को दूसरे दिन विभिन्न आधुनिक तकनीकी विषयों पर विशेषज्ञों ने विचार रखे।इस अवसर पर वक्ताओं ने आधुनिक तकनीकों और एआई की महत्ता पर जोर देते हुए युवाओं को इस क्षेत्र में कॅरिअर के नए अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम समन्वयक राजकीय पॉलिटेक्निक श्रीनगर की रीना नवानी ने बताया कि दूसरे दिन के कार्यक्रम की शुरुआत एकेडमिक इंस्टीट्यूट की रचना जोशी ने की। रचना जोशी ने कहा कि उत्तराखंड और भारत को एक जागरूक एवं सशक्त राष्ट्र के रूप में विकसित करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को नई तकनीकों को अपनाने और स्वयं को भविष्य के लिए तैयार करने के लिए प्रेरित किया। विवेक पंवार ने कहा कि वर्तमान समय में एआई और डिजिटल मार्केटिंग युवाओं के लिए सबसे तेजी से बढ़ते कॅरिअर विकल्पों में शामिल हैं। डेटा, ऑटोमेशन और डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते उपयोग के कारण इन क्षेत्रों में कुशल पेशेवरों की मांग लगातार बढ़ रही है। दिवाकर द्विवेदी ने इंटरनेट ऑफ थिंग्स विषय पर जानकारी दी। कहा कि स्मार्ट डिवाइस और कनेक्टेड टेक्नोलॉजी आने वाले समय में उद्योगों की कार्यप्रणाली को पूरी तरह बदलने वाली हैं। इस क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं और रोजगार के अवसरों पर भी प्रकाश डाला। वहीं गढ़वाल केंद्रीय विवि के इंजीनियरिंग विभाग के डॉ. ओम प्रकाश, डॉ. अलकनंदा व गुरुकुल कांगड़ी के डॉ. सुयश आदि ने भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग आदि पर विचार रखे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 24, 2026, 18:33 IST
Pauri News: एआई और आधुनिक तकनीकें समझें, कॅरिअर के तलाशें अवसर #UnderstandAIAndModernTechnologies #ExploreCareerOpportunities #SubahSamachar
