Kangra News: सड़कों पर उतरे बेरोजगार बीएड प्रशिक्षित, बैचवाइज भर्ती की मांग
धर्मशाला। बैचवाइज भर्ती प्रक्रिया शुरू न होने से नाराज प्रशिक्षित बीएड बेरोजगार अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को बारिश के बीच धर्मशाला में प्रदर्शन किया। बेरोजगार अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों के समर्थन में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शहीद स्मारक से लेकर डीसी दफ्तर परिसर तक रोष रैली निकाली और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मांग उठाई कि बैचवाइज भर्ती प्रक्रिया को बिना किसी देरी के तुरंत शुरू कर प्रशिक्षित युवाओं को शीघ्र नियुक्तियां प्रदान की जाएं। प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने कहा कि वे बीएड की पेशेवर डिग्री हासिल करने के बावजूद वर्षों से रोजगार की आस लगाए बैठे हैं। भर्ती प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी के कारण हजारों प्रशिक्षित युवाओं का भविष्य अधर में लटका हुआ है। बेरोजगार बीएड यूनियन के जिला कांगड़ा महासचिव सोनी कुमार ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की मजबूत रीढ़ होते हैं, लेकिन विडंबना यह है कि आज प्रशिक्षित युवाओं को अपने बुनियादी हक और रोजगार के लिए सड़कों पर उतरने को विवश होना पड़ रहा है। सरकार शिक्षकों को केवल सीमित अवधि या अस्थायी रूप से रोजगार देने के बजाय स्थायी और सुरक्षित सेवा की व्यवस्था करे। उन्होंने कहा कि अस्थायी व्यवस्था से शिक्षकों में भविष्य को लेकर असुरक्षा बनी रहती है, जिसका सीधा और नकारात्मक प्रभाव विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ता है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि बेरोजगार युवाओं की गंभीर स्थिति पर संज्ञान लेते हुए बैचवाइज भर्ती प्रक्रिया को तत्काल बहाल किया जाए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 14, 2026, 18:06 IST
Kangra News: सड़कों पर उतरे बेरोजगार बीएड प्रशिक्षित, बैचवाइज भर्ती की मांग #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar
