Kurukshetra News: बिजली के अघोषित कटों ने उड़ाई शहरवासियों की नींद

कुरुक्षेत्र। शहर में लगातार लग रहे अघोषित बिजली कटों ने लोगों की रातों की नींद उड़ा दी है। वीरवार देर शाम से शुरू हुई बिजली कट का सिलसिला शुक्रवार की रात तक जारी रहा। इस दाैरान कहीं दो घंटे तक बिजली गुल रही तो कहीं पूरी रात आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। उमस भरी गर्मी में लोगों को बिजली कट के कारण लोगों को काफी परेशानी हुई। सबसे अधिक परेशानी पिहोवा रोड के निकट दीदार नगर, शांति नगर, नरकातारी रोड से लगती प्रोफेसर कॉलोनी, लक्ष्मण कॉलोनी, झांसा रोड स्थित सरस्वती कॉलोनी सहित शहर के व्यापक क्षेत्र तथा सेक्टर-तीन, पांच, सात इत्यादि के निवासियों को झेलनी पड़ी। प्रोफेसर कॉलोनी के विशाल ने कहा कि बार-बार बिजली आने-जाने से रातभर नींद खराब होने के अलावा घरों में लगे विद्युत उपकरणों के खराब होने का भी डर बना रहा। कई बार शिकायत नंबर कॉल की, लेकिन नंबर बिजी ही आता रहा, मानो रिसीवर उठाकर रख दिया हो। सरस्वती कॉलोनी वासी नरेंद्र ने कहा कि छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत उठानी पड़ी। रातभर एसी चलाकर अपनी गाड़ियों में सोने को मजबूर रहे। कस्बा लाडवा से लगते गांवों, बाबैन के आसपास के क्षेत्र, पिपली एरिया, मथाना सब डिवीजन इत्यादि के गांव मथाना, दौलतपुर, अंटेहड़ी, कड़ामी सहित विभिन्न क्षेत्रों में यही स्थिति रही। उपभोक्ताओं की नाराजगी इस बात को लेकर भी अत्यधिक रही कि बिजली गुल होने के बाद शिकायत केंद्र और हेल्पलाइन नंबरों पर कई बार संपर्क करने पर भी सहयोग नहीं मिला। कई स्थानों पर लोगों ने निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए समय पर सूचना और समस्या के समाधान की मांग की। उपभोक्ताओं ने कहा कि गर्मी और उमस लगातार बढ़ रही है। ऐसे में बिना पूर्व सूचना लंबे बिजली कट लगाना बड़ी परेशानी का कारण बन रहा है। मांग की गई कि यदि किसी तकनीकी कारण से बिजली बंद करनी पड़ती है तो इसकी पूर्व सूचना उपभोक्ताओं को दी जाए। इसका फायदा यह रहेगा कि नगरवासी उपभोक्ता समय पर वैकल्पिक व्यवस्था कर पाएंगे। निगम अधिकारी एमजी जिंदल ने कहा कि अघोषित कट का संदेश अचानक मुख्यालय से आता है, लेकिन कुछ स्थानों पर ट्रांसफार्मर में दिक्कत, अन्य तकनीकी खराबी या तारें गर्म होने से लाइन में आए फॉल्ट के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। शिकायत मिलते ही संबंधित टीमों को मौके पर भेजकर फॉल्ट दूर कराया गया और अधिकांश क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल कर दी गई। जहां कहीं अभी भी समस्या है, कर्मचारियों की टीम को मुस्तैद किया गया है। जल्द ही आपूर्ति सामान्य हो जाएगी। टीमें दिन-रात मरम्मत कार्य में जुटी हैं। कुरुक्षेत्र। झांसा रोड पर देर रात को बिजली संबंधी फॉल्ट दुरुस्त करते बिजली कर्मचारी। संवाद

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 19, 2026, 03:50 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kurukshetra News: बिजली के अघोषित कटों ने उड़ाई शहरवासियों की नींद #UnscheduledPowerCutsHaveRobbedCityResidentsOfTheirSleep. #SubahSamachar