यूपी: भाजपा ने लगातार तीसरी जीत के लिए बनाई रणनीति, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जाति को लेकर किया सावधान
नौकरशाही को लेकर उपजे असंतोष को खत्म करने के लिए सरकार और भाजपा संगठन मिलकर काम करेंगे। राज्य से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं की बातों को तरजीह दी जाएगी। उनकी शिकायतें दूर की जाएंगी। यही नहीं विधानसभा चुनाव 2027 में हैट्रिक लगाने के लिए भाजपा अब सारे कील-कांटे दुरुस्त करने में जुटेगी। सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाकर सभी नेता चुनावी तैयारी में जुटेंगे। साथ ही विपक्ष के आरोपों का जवाब देने के लिए रणनीति बनाकर काम होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में शनिवार को प्रदेश भाजपा कोर कमेटी की बैठक में इन मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई। सबसे ज्यादा फोकस नौकरशाही के व्यवहार को लेकर रहा। तय हुआ है कि किसी भी कार्यकर्ता के वाजिब और जनता से जुड़े काम तत्काल कराए जाएंगे। अफसरों, जनप्रतिनिधियों द्वारा विधायकों और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की शिकायतें भी दूर करने पर सहमति बनी। बैठक में चुनावी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इसके लिए ऐसा हर उपाय करने पर सहमति बनी, जिससे कार्यकर्ताओं का उत्साह बना रहे। सूत्रों के मुताबिक जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के बीच मनमुटाव की शिकायतों को भी दूर करने पर चर्चा हुई। बैठक में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या व ब्रजेश पाठक, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह भी मौजूद रहे। सीएम ने दिया रात्रिभोज दिनभर बैठकों का दौर खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री ने अपने आवास पर रात्रिभोज दिया। इस भोज में उनके साथ अध्यक्ष की चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर भी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का स्वागत किया। रात्रिभोज में बीएल संतोष, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश सरकार के सभी मंत्री और अन्य पदाधिकारी भी शामिल हुए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 05, 2026, 05:06 IST
यूपी: भाजपा ने लगातार तीसरी जीत के लिए बनाई रणनीति, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जाति को लेकर किया सावधान #CityStates #Lucknow #UttarPradesh #UpBjp #UpAssemblyElections #NitinNabinVisit #SubahSamachar
