UP Board 2026: बिना पेपर आउट पहली बार 19 दिन में रिजल्ट, कोई पुनर्परीक्षा नहीं

माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा कई मायनों में ऐतिहासिक साबित हुई। इस बार प्रदेश के किसी भी जिले में पेपर आउट की घटना सामने नहीं आई। यही कारण रहा कि बोर्ड को किसी भी केंद्र पर दोबारा परीक्षा नहीं करानी पड़ी और रिकॉर्ड बनाते हुए मात्र 19 दिनों में परिणाम घोषित कर दिया गया। बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक प्रदेश के 8033 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुईं। हाईस्कूल में 25,91,831 संस्थागत और 9,550 व्यक्तिगत सहित कुल 26,01,381 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें 12,57,857 बालिकाएं थीं। वहीं इंटरमीडिएट में 24,09,551 संस्थागत और 76,521 व्यक्तिगत सहित कुल 24,86,072 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। आंशिक विषयों के तहत 58,134 अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा को नकलविहीन और सुरक्षित बनाने के लिए प्रयागराज सहित 18 जिलों को संवेदनशील घोषित किया गया था। इसके अलावा 20 परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए गए। पहली बार प्रश्नपत्रों के प्रत्येक पृष्ठ पर केंद्रवार गोपनीय न्यूमेरिक क्रमांक अंकित किया गया, जिससे किसी भी प्रकार की लीक या गड़बड़ी की स्थिति में संबंधित केंद्र की तुरंत पहचान संभव हो सके। साथ ही, आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी प्रश्नपत्रों के रिजर्व सेट तैयार किए गए। इन अवशेष प्रश्नपत्रों का उपयोग प्री-बोर्ड परीक्षाओं में किया गया। हालांकि संस्कृत विषय में एक केंद्र पर गड़बड़ी का मामला सामने आया, लेकिन पेपर लीक जैसी कोई बड़ी घटना नहीं हुई।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 26, 2026, 14:52 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




UP Board 2026: बिना पेपर आउट पहली बार 19 दिन में रिजल्ट, कोई पुनर्परीक्षा नहीं #CityStates #Prayagraj #UttarPradesh #UpBoardResult #UpBoardResult2026Class10 #UpBoardResult2026Class12 #SubahSamachar