यूपी: प्रदेश में चार जनवरी को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची, 17 नवंबर को होगा प्रारूप सूची का प्रकाशन
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर)-2027 के तहत प्रदेश में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने छह नवंबर को संशोधित कार्यक्रम को मंजूरी दे दी है। इसके तहत एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन अब 17 नवंबर को होगा। इसी दिन से दावे और आपत्तियां दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू होगी, जो 16 दिसंबर तक चलेगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से छह नवंबर को जारी पत्र में बताया गया है कि आयोग के संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक मतदान केंद्रों के युक्तिकरण/पुनर्व्यवस्था की प्रक्रिया दो नवंबर तक पूरी की जानी थी, जिसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है। एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 17 नवंबर को होगा। साथ ही मतदाताओं से दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनके निस्तारण की अंतिम तारीख 28 दिसंबर निर्धारित की गई है। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन चार जनवरी 2027 को किया जाएगा। सीईओ कार्यालय ने सभी संबंधित अधिकारियों को आयोग के संशोधित कार्यक्रम की जानकारी देने और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। राजनीतिक दलों को भी संशोधित कार्यक्रम की लिखित जानकारी देने को कहा गया है। ये है संशोधित कार्यक्रम - एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन : 17 नवंबर - दावे एवं आपत्तियां : 17 नवंबर से 16 दिसंबर - दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण : 28 दिसंबर तक - अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन : 4 जनवरी 2027
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 08, 2026, 07:51 IST
यूपी: प्रदेश में चार जनवरी को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची, 17 नवंबर को होगा प्रारूप सूची का प्रकाशन #CityStates #Lucknow #UttarPradesh #VoterListInUp #SirInUp #SubahSamachar
