UP: राजधानी में 20 घंटे तक बिजली रही गुल, रातभर जागे 500 परिवार; उपकेंद्र पर फूटा गुस्सा, हंगामा-नारेबाजी
दुबग्गा उपकेंद्र के जेहटा फीडर अंतर्गत लक्ष्मी अस्पताल के पास की कॉलोनी में बृहस्पतिवार देर रात बिजली आपूर्ति ठप हो गई। लगातार 20 घंटे से अधिक समय तक बिजली न आने से आक्रोशित लोगों का सब्र शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे जवाब दे गया। आक्रोशित उपभोक्ता दुबग्गा उपकेंद्र पहुंच गए और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन करने वालों ने बताया कि बृहस्पतिवार रात एक डंपर ने बिजली के खंभे में जोरदार टक्कर मार दी थी। घटना में दो पोल के ऊपर रखा ट्रांसफार्मर भी नीचे गिर गया जिससे आपूर्ति ठप हो गई। शिकायतों के बावजूद कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। भीषण उमस में 20 घंटे तक आपूर्ति चालू न होने पर लोग उपकेंद्र पहुंचे। उपकेंद्र से जेई चले गए थे और उनका फोन भी नहीं उठ रहा था। जिसके बाद प्रदर्शन शुरू हुआ। पुलिस ने लोगों को समझाया। उपभोक्ताओं के दावे से इतर उपकेंद्र के अवर अभियंता ऋषि गोस्वामी ने बताया कि कॉलोनी में लगे 63 केवीए ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने से आपूर्ति बाधित हुई है। खराबी दूर कराया जा रहा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 06, 2026, 06:14 IST
UP: राजधानी में 20 घंटे तक बिजली रही गुल, रातभर जागे 500 परिवार; उपकेंद्र पर फूटा गुस्सा, हंगामा-नारेबाजी #CityStates #Lucknow #PowerOutage #ElectricityCrisis #LucknowNews #PowerSupplyFailure #TransformerFault #ConsumerProtest #ElectricityDepartment #SubahSamachar
