UP: प्रदेश में पहली बार हुआ हृदय प्रत्यारोपण, दिल्ली की डोनर का दिल एंबुलेंस से पहुंचा लखनऊ; इस तरह हुआ ऑपरेशन

संजय गांधी पीजीआई ने चिकित्सा के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। संस्थान में प्रदेश का पहला हृदय प्रत्यारोपण किया गया। दिल्ली निवासी डोनर से प्राप्त दिल ग्रीन कॉरिडोर बनाकर लखनऊ लाया गया। यहां सीतापुर निवासी व्यक्ति को यह दिल प्रत्यारोपित किया गया। संस्थान के निदेशक प्रो. आरके धीमन ने बताया कि संस्थान में हृदय प्रत्यारोपण की तैयारी पहले ही की जा चुकी थीं। डोनर न होने की वजह से अभी तक इसकी शुरुआत नहीं हुई थी। दिल्ली निवासी व्यक्ति के परिवार वालों ने ब्रेन डेड होने के बाद उसके अंगदान करने का फैसला किया था। अंगदाता के अन्य अंग, लिवर और गुर्दे, दिल्ली में ही प्रत्यारोपित किए गए। हृदय को त्वरित एयर एंबुलेंस के माध्यम से लखनऊ लाया गया, जिसके बाद ग्रीन कॉरिडोर का उपयोग किया गया। यह दिल डायलेटेड कार्डियोमायोपैथी नामक हृदय की मांसपेशियों की बीमारी से पीड़ित मरीज को प्रत्यारोपित किया गया। प्रत्यारोपण के बाद मरीज की हालत सामान्य है। एयर एंबुलेंस से लखनऊ लाया गया दिल, पांच घंटे चला ऑपरेशन निदेशक ने बताया कि दिल्ली के आरएमएल अस्पताल में दिल दान में मिलने की सूचना शनिवार को मिली थी। इसके बाद देखा गया कि किस मरीज को इसे प्रत्यारोपित किया जा सकता है। संयोग से सीतापुर निवासी मरीज इसके लिए उपयुक्त पाया गया। ऐसे में प्राइवेट एयर एंबुलेंस के माध्यम से दिल लखनऊ लाया गया। एयरपोर्ट से संस्थान की दूरी ग्रीन कॉरिडोर बनाकर तय की गई। रविवार सुबह नौ बजे प्रत्यारोपण शुरू किया गया। करीब पांच घंटे चले ऑपरेशन के बाद प्रत्यारोपण पूरा हुआ।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 13, 2026, 17:51 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




UP: प्रदेश में पहली बार हुआ हृदय प्रत्यारोपण, दिल्ली की डोनर का दिल एंबुलेंस से पहुंचा लखनऊ; इस तरह हुआ ऑपरेशन #CityStates #Lucknow #UttarPradesh #HeartTransplantInUp #HeartTransplantInLucknowPgi #LucknowPgi #SubahSamachar