यूपी: प्रदेश के पहले हृदय प्रत्यारोपण वाले मरीज को अस्पताल से मिली छुट्टी, 12 अप्रैल को दिल्ली से आया था दिल
प्रदेश के पहले सफल हृदय प्रत्यारोपण के बाद शनिवार को 43 वर्षीय मरीज सीतापुर निवासी रचना को संजय गांधी पीजीआई से छुट्टी दे दी गई। यह हृदय प्रत्यारोपण 12 अप्रैल को हुआ था। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को प्रत्यारोपण में शामिल टीम का सम्मान किया। उपमुख्यमंत्री ने हृदय प्रत्यारोपण को चिकित्सा इतिहास का सुनहरा अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश को उन्नत चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने वाला मील का पत्थर है। पीजीआई के निदेशक प्रो. आरके धीमन ने बताया कि यह सफलता प्रदेश में बहु-अंग प्रत्यारोपण कार्यक्रम को नई गति देगी, जिसमें एक साथ कई अंग प्रत्यारोपित किए जा सकेंगे। हृदय प्रत्यारोपण कराने वाली रचना लंबे समय से डायलेटेड कार्डियोमायोपैथी के कारण गंभीर हार्ट फेल्योर से पीड़ित थीं। उनकी हालत इतनी गंभीर थी कि प्रत्यारोपण ही अंतिम विकल्प था। डॉक्टरों ने बताया कि दिल्ली से हृदय लाने और उसे समय पर संस्थान तक पहुंचाने में सटीक समन्वय महत्वपूर्ण रहा। एयर एंबुलेंस मिलाकर 15 लाख रुपये आया खर्च, संस्थान ने किया वहन सीवीटीएस विभागाध्यक्ष प्रो. एसके अग्रवाल के अनुसार, प्रत्यारोपण में करीब 15 लाख रुपये खर्च हुए, जिसमें लगभग नौ लाख रुपये एयर एंबुलेंस और छह लाख रुपये सर्जरी पर खर्च हुए। पति बोले- सिर्फ चार हजार रुपये लेकर आया था रचना के पति अजय अग्निहोत्री ने डॉक्टरों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों ने उनकी पत्नी को दूसरा जीवन दिया है। सीतापुर से वह महज चार हजार रुपये लेकर पीजीआई आए थे। दिल्ली से हृदय लाने के साथ ही प्रत्यारोपण का खर्च संस्थान ने वहन किया। पत्नी अब स्वस्थ है, लेकिन इम्युनिटी कम होने से बाहरी लोगों से उन्हें मिलने की मनाही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 25, 2026, 19:05 IST
यूपी: प्रदेश के पहले हृदय प्रत्यारोपण वाले मरीज को अस्पताल से मिली छुट्टी, 12 अप्रैल को दिल्ली से आया था दिल #CityStates #Lucknow #UttarPradesh #HeartTransplantInUp #HeartTransplantInPgi #SubahSamachar
