सैमसंग ने बनाया बाजार, अब एपल की एंट्री: फोल्डेबल फोन की जंग में कौन किस पर पड़ेगा भारी?
स्मार्टफोन की दुनिया में फोल्डेबल फोन कभी महज एक महंगा प्रयोग माने जाते थे, लेकिन अब यह प्रीमियम मोबाइल बाजार का अहम हिस्सा बन चुके हैं। इस बदलाव में सैमसंग की भूमिका सबसे बड़ी रही है। कंपनी ने 2019 में Galaxy Fold के साथ बड़े स्तर पर फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार को आकार देना शुरू किया और तब से लगातार अपनी Galaxy Z Fold और Z Flip सीरीज को विकसित करती रही है। अब इस बाजार में एपल की एंट्री होने जा रही है। एपल ने 9 सितंबर 2026 को होने वाले अपने विशेष इवेंट की आधिकारिक एलान कर दिया है। रिपोर्ट्स की मानें तो, इस कार्यक्रम में कंपनी का पहला फोल्डेबल आईफोन सामने आ सकता है। यानी जिस बाजार को सैमसंग ने कई साल तक तैयार किया, वहां अब एपल सीधे प्रीमियम सेगमेंट में मुकाबले के लिए उतरने वाला है। लेकिन सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि एपल कितना अच्छा फोल्डेबल फोन बनाती है। असली सवाल यह है कि क्या एपल की एंट्री सैमसंग की बादशाहत को चुनौती दे पाएगी या फिर सैमसंग अपने लंबे अनुभव, तकनीक और मजबूत उत्पाद लाइनअप की वजह से आगे बना रहेगा सैमसंग के पास है सबसे लंबा अनुभव फोल्डेबल फोन के बाजार में सैमसंग का सबसे बड़ा फायदा उसका अनुभव है। कंपनी ने इस फॉर्म फैक्टर पर तब दांव लगाया था जब बाजार को लेकर काफी अनिश्चितता थी। शुरुआती पीढ़ियों में स्क्रीन की मजबूती, हिंज और सॉफ्टवेयर जैसे मोर्चों पर चुनौतियां आईं, लेकिन सैमसंग ने लगातार कई पीढ़ियों में अपने हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर को बेहतर किया। आज कंपनी की Galaxy Z Fold और Galaxy Z Flip सीरीज बाजार में लंबे समय से मौजूद हैं। 2026 में सैमसंग ने Galaxy Z Fold8 Ultra, Galaxy Z Fold8 और Galaxy Z Flip8 लॉन्च किए। सैमसंग की नई पीढ़ी सिर्फ फोन को मोड़ने तक सीमित नहीं है। कंपनी बड़ी स्क्रीन, मल्टीटास्किंग, कैमरा, ड्यूरेबलिटी और एआई आधारित अनुभव पर लगातार जोर दे रही है। यही वजह है कि फोल्डेबल अब सैमसंग के लिए प्रयोगात्मक उत्पाद नहीं, बल्कि उसके प्रीमियम स्मार्टफोन कारोबार का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं। यह भी पढ़ें:आईफोन 18: अमेरिका-चीन के बाद आखिर भारत पर क्यों टिकी है एपल की नजर, लॉन्च इवेंट से पहले क्या आंकड़े आए सामने सैमसंग के नए फोन की भारत में रिकॉर्ड मांग सैमसंग की मौजूदा पकड़ का एक संकेत भारत में भी देखने को मिला। कंपनी के अनुसार Galaxy Z Fold8 Ultra, Galaxy Z Fold8 और Galaxy Z Flip8 ने लॉन्च के शुरुआती 72 घंटों में 2.71 लाख से ज्यादा प्री-ऑर्डर हासिल किए। जबकि पिछले साल Galaxy Z Fold7 और Z Flip7 के लिए इतनी संख्या में प्री-ऑर्डर जुटाने में 15 दिन लगे थे। कंपनी के मुताबिक इस साल 45 प्रतिशत प्री-ऑर्डर टीयर-2 शहरों और उससे आगे के इलाकों से आए। यह आंकड़ा खास है, क्योंकि इससे पता चलता है कि फोल्डेबल स्मार्टफोन की मांग केवल महानगरों में ही नहीं बल्कि छोटे शहरों से भी आने लगी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Sep 08, 2026, 22:27 IST
सैमसंग ने बनाया बाजार, अब एपल की एंट्री: फोल्डेबल फोन की जंग में कौन किस पर पड़ेगा भारी? #TechDiary #Technology #National #Samsung #Iphone18LaunchDateInIndia #AppleFoldableIphone #SubahSamachar
