Meerut News: इंचौली में आबादी के बीच से एचटी लाइन डालने पर हंगामा
गंगानगर।मवाना रोड स्थित इंचौली गांव के वाल्मीकि मोहल्ले में आबादी के बीच से नई एचटी विद्युत लाइन डाले जाने का कड़ा विरोध सामने आया है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में मोहल्ले के लोग और महिलाएं एकत्र हो गए और हंगामा करते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी हाल में एचटी लाइन गलियों से होकर नहीं गुजरने दी जाएगी।बताया गया कि इंचौली-सधारणपुर मार्ग पर वाल्मीकि मोहल्ले से सटे खेतों में एक निजी कॉलोनी विकसित की जा रही है। मुख्य सड़क से कॉलोनी तक लगभग 150 मीटर की दूरी है। आरोप है कि विद्युत विभाग और कॉलोनाइजर द्वारा 11 हजार वोल्ट की एचटी केबल को मोहल्ले की गलियों में पहले से लगे एलटी लाइन के खंभों के सहारे कॉलोनी तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। मोहल्ला निवासी सुहान अली, हंसराज और अर्जुन ने बताया कि चार दिन पहले जब केबल डालने का काम शुरू हुआ, तभी से लोग विरोध कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि एचटी लाइन से पहले भी गांव में कई गंभीर हादसे हो चुके हैं, जिनमें जान तक जा चुकी है। महिलाओं ने भी साफ कहा कि एचटी लाइन यहां से नहीं लगने दी जाएगी। लोगों ने मामले की शिकायत पीवीवीएनएल के एमडी और जिलाधिकारी से करने की बात कही है। विद्युत विभाग के जेई अमित त्रिपाठी ने बताया कि कॉलोनाइजर की ओर से यही रास्ता सर्वे के लिए दिया गया था। विरोध के बाद काम रोक दिया गया है और अब वैकल्पिक मार्ग से दोबारा सर्वे कराने के निर्देश दिए गए हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 07, 2026, 06:02 IST
Meerut News: इंचौली में आबादी के बीच से एचटी लाइन डालने पर हंगामा #UproarOverLayingOfHTLineThroughPopulatedAreaInInchauli #SubahSamachar
