UP: प्रदेश में नए गर्भ निरोधक इंजेक्शन अंतरा की होगी शुरुआत, पायलट प्रोजेक्ट के तहत 19 जिलों में जाएंगे भेजे
यूपी परिवार नियोजन के मामले में नवाचार करने जा रहा है। यह नवाचार महिलाओं को लगने वाले गर्भनिरोधक इंजेक्शन अंतरा में होगा। अंतरा सब क्यूटेनियन (अंतरा- एससी) नाम से तैयार नया इंजेक्शन पहले के मुकाबले जहां ज्यादा असरकारी है, वहीं इससे संक्रमण का खतरा भी कम होगा। इसे लगवाने का तरीका भी पहले से आसान होगा। इसकी शुरुआत बुधवार से हो रही है। पहले चरण में इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में 19 जिलों में शुरू किया जा रहा है। दरअसल, गर्भ निरोधक इंजेक्शन अंतरा हर तीन माह में लिया जाता है। प्रदेश में हर माह करीब छह लाख इंजेक्शन की मांग है। अब तक यह इंजेक्शन कूल्हे अथवा बांह में लगाना पड़ता है। स्वास्थ्य विभाग के सर्वे में यह बात सामने आई कि इसे त्वचा की ऊपरी परत के नीचे चर्बी में दिया जाए तो फायदा ज्यादा होगा। जिस तरह से मधुमेह के मरीज इंजेक्शन लेते हैं उसी तरह से इसे आसानी से लिया जा सकता है। ऐसे में अब इस इंजेक्शन को नए रूप में तैयार किया गया है। इसका नाम अंतरा सब क्यूटेनियन (अंतरा- एससी) रखा गया है। प्रदेश में एक अप्रैल से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में इसका वितरण शुरू किया जाएगा। पहले चरण में 19 जिलों में 40 हजार इंजेक्शन दिया जाएगा। फिर इसे चरणवद्ध तरीके से बढ़ाया जाएगा।परिवार नियोजन के संयुक्त निदेशक डॉ. सुशील कुमार बनियान ने बताया कि परिवार नियोजन कार्यक्रमों की सफलता केवल विकल्प उपलब्ध कराने में नहीं, बल्कि उन्हें लोगों तक सरल और नियमित रूप से पहुंचाने में है। अंतरा–एससी इस चुनौती का व्यावहारिक समाधान देता है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 01, 2026, 04:54 IST
UP: प्रदेश में नए गर्भ निरोधक इंजेक्शन अंतरा की होगी शुरुआत, पायलट प्रोजेक्ट के तहत 19 जिलों में जाएंगे भेजे #CityStates #Lucknow #UttarPradesh #ContraceptiveInjection #ContraceptiveInjectionAntara #SubahSamachar
