Vande Bharat Train: वंदेभारत का ब्रेक जाम, चौरीचौरा समेत तीन ट्रेनें हो गईं लेट; यात्रियों को हुई परेशानी
बनारस रेलवे स्टेशन से खजुराहो तक जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस का शुक्रवार सुबह ब्रेक जाम हो गया। ट्रेन अभी स्टेशन से आगे बढ़ी थी कि ब्रेक जाम हो गया। कैंट रेलवे स्टेशन से प्रयागराज होकर दिल्ली तक जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस, कानपुर तक जाने वाली चौरीचौरा एक्सप्रेस देर हो गई। बनारस स्टेशन से हर दिन सुबह 5.15 बजे ट्रेन नंबर 26506 वंदेभारत एक्सप्रेस खजुराहो तक जाती है। ट्रेन जैसे ही स्टेशन से छूटी और पहले सिग्नल पर पहुंची, आगे नहीं बढ़ पाई। पहले तो लोको पायलट ने प्रयास किया, लेकिन जब गड़बड़ी दूर नहीं हुई तो इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। सवा घंटे बाद 6.30 बजे जब ब्रेक सही हुआ तब जाकर ट्रेन आगे बढ़ी। यह ट्रेन कैंट स्टेशन पर बिना रुके आगे जाती है। इधर, कैंट स्टेशन से दिल्ली ट्रेन नंबर 22415 वंदेभारत एक्सप्रेस सुबह 6 बजे हर दिन जाती हैं, यह भी 55 मिनट की देरी से रवाना हुई। बनारस रेलवे स्टेशन के निदेशक लवलेश राय ने बताया कि तत्काल समाधान कराकर ट्रेन को आगे रवाना किया गया। खजुराहो जाने वाली वंदेभारत पांच दिन में दूसरी बार खराब हुई है। 31 मई को इसी ट्रेन का पैंटोग्राफ टेढ़ा हो गया था, जिसकी वजह से इस ट्रेन को कैंट स्टेशन पर 4 घंटे तक रोकना पड़ा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 06, 2026, 06:14 IST
Vande Bharat Train: वंदेभारत का ब्रेक जाम, चौरीचौरा समेत तीन ट्रेनें हो गईं लेट; यात्रियों को हुई परेशानी #CityStates #Varanasi #VaranasiNews #VandeBharatTrain #IndianRailways #SubahSamachar
