वाराणसी एयर शो: गंगा के ऊपर दिखेगी भारतीय वायुसेना की ताकत, 100 विमान करेंगे हवाई करतब
गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना की ताकत, आधुनिक तकनीक और हवाई कौशल का शानदार प्रदर्शन देखने को मिलेगा। वाराणसी के नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्तूबर को भारतीय वायुसेना का विशेष एयर शो आयोजित किया जाएगा। विंग्स ओवर गंगा नाम से होने वाले इस आयोजन में कुल 100 विमान हिस्सा लेंगे। इनमें 52 लड़ाकू विमान, 15 परिवहन विमान, 32 हेलीकॉप्टर और एक ऐतिहासिक विमान शामिल हैं। राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000, मिग-29, जगुआर और स्वदेशी तेजस जैसे लड़ाकू विमान अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम भी अपने करतब दिखाएंगी। भारतीय वायुसेना की ओर से 20 अक्तूबर 2026 को जारी प्रेस नोट के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य वायुसेना की 94 वर्षों की समर्पित सेवा को रेखांकित करना, देश की सुरक्षा में उसके योगदान को प्रदर्शित करना और युवाओं को प्रेरित करना है। गंगा और काशी की ऐतिहासिक-सांस्कृतिक पृष्ठभूमि में होने वाला यह प्रदर्शन वायुसेना की परिचालन क्षमता, विमानों के बीच तालमेल और पेशेवर दक्षता को सामने लाएगा। देश के 12 एयरबेस से उड़ान भरेंगे विमान एयर शो में शामिल होने वाले विमान देश के 12 एयरबेस से उड़ान भरेंगे। इनमें चेन्नई के पास स्थित अरक्कोनम का नौसैनिक एयरबेस भी शामिल है। अलग-अलग एयरबेस से आने वाले विमानों की भागीदारी भारतीय वायुसेना की व्यापक पहुंच और विभिन्न स्थानों से अभियान संचालित करने की क्षमता को प्रदर्शित करेगी। प्रेस नोट के अनुसार, एयर शो में हेलीकॉप्टर, परिवहन विमान और लड़ाकू विमान सहित कई श्रेणियों के विमान हिस्सा लेंगे। हेलीकॉप्टरों में एलसीएच, चिनूक, एएलएच एमके-III, एएलएच एमके-IV, अपाचे, चेतक, कामोव-31 और एमआई-17 वी5 शामिल हैं। परिवहन और अन्य विशेष विमानों में सी-295, सी-17 ग्लोबमास्टर, सी-130, एएन-32, आईएल-78, एईडब्ल्यू एंड सी और पी-8आई शामिल होंगे। लड़ाकू विमानों में सुखोई-30 एमकेआई, राफेल, मिराज-2000, मिग-29, जगुआर और स्वदेशी हल्का लड़ाकू विमान तेजस हिस्सा लेंगे। इसके अलावा हार्वर्ड विमान भी प्रदर्शन करेगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 20, 2026, 11:19 IST
वाराणसी एयर शो: गंगा के ऊपर दिखेगी भारतीय वायुसेना की ताकत, 100 विमान करेंगे हवाई करतब #CityStates #Varanasi #VaranasiAirShow2026 #NamoGhat #IndianAirForce #100Aircraft #Rafale #Sukhoi-30Mki #Tejas #SubahSamachar
