Varanasi: शहर के 18 वार्डों में दो हजार रुपये तक के काम भी नहीं हो पा रहे, पार्षदों के यहां चक्कर लगा रहे लोग
वाराणसी शहर के 18 वार्डों में 2000 से लेकर 20 हजार रुपये तक के छोटे-छोटे काम भी नहीं हो पा रहे हैं। दरअसल, इन वार्डों में जर्जर पेयजल और सीवर लाइनों को बदला जाना है। इसके लिए जल निगम की ओर से 823 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इन वार्डों में छोटे-छोटे कार्य न होने से लोग पार्षदों के यहां चक्कर लगा रहे हैं। इनमें हुकुलगंज, जोल्हा उत्तरी, भेलूपुर, तुलसीपुर, दुर्गाकुंड, नगवा, नरिया, शिवपुरवा, काजीपुरा, सराय नंदन, बिरदोपुर, शिवाला, बागहाड़ा, जंगमबाड़ी, बंगालीटोला, प्रह्लाद घाट, लल्लापुरा, कृतिवाशेश्वर और ओमकालेश्वर वार्ड शामिल हैं, जहां ये दिक्कतें आ रही हैं। इन वार्डों में चौका रिसेटिंग, सीवर और पेयजल लाइनों को दुरुस्त करने से जुड़े छोटे-छोटे काम नहीं हो पा रहे हैं। यही नहीं, लाइट से जुड़े कार्य भी नहीं हो रहे हैं। नालों और नालियों की मरम्मत से संबंधित काम भी ठप हैं। पार्षद बृजेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि उनके वार्ड में गली की मरम्मत का काम मात्र 20 हजार रुपये में हो सकता है, लेकिन अभी इसे नहीं कराया जा रहा है। कहा जा रहा है कि उनका इलाका जर्जर वार्ड में शामिल है। इसी प्रकार लल्लापुरा के पार्षद हारून अंसारी ने कहा कि उनके यहां मात्र 2000 रुपये का लाइट का काम है, लेकिन वह भी नहीं हो पा रहा है। कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अधिकारी बोले वार्डों के कामकाज के लिए टेंडर प्रक्रिया की जा रही है। बिना टेंडर के काम नहीं कराया जाता। शिकायत मिलने पर वार्डों में छोटे-बड़े काम कराए जाते हैं। -आरके सिंह, मुख्य अभियंता, नगर निगम
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 21, 2026, 15:11 IST
Varanasi: शहर के 18 वार्डों में दो हजार रुपये तक के काम भी नहीं हो पा रहे, पार्षदों के यहां चक्कर लगा रहे लोग #CityStates #Varanasi #VaranasiNews #VaranasiLatestNews #UpNews #SubahSamachar
