Varanasi Top News: वाराणसी में तीन की मौत, गंगा में डूब रहे पर्यटकों को बचाया; दिनदहाड़े बाइक चोरी; बड़ी खबरें
मैजिक-ट्रक की टक्कर में किशोर की मौत, तीन घायल जंसा थाना क्षेत्र के परमपुर कट के पास रविवार भोर करीब 3 बजे मैजिक और ट्रक की टक्कर में चपेट में आए सनी यादव उर्फ शुभम यादव (16) की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। जानकारी के अनुसार, मैजिक वाहन राजातालाब से विवाह समारोह से लौटकर हरहुआ की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने मैजिक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैजिक में सवार सनी यादव उर्फ शुभम यादव, निवासी भोजूबीर, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हाथी बाजार भेजा, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। महिला को विषैले जंतु ने डंसा, मौत चौबेपुर थाना क्षेत्र के जाल्हूपुर ग्राम पंचायत निवासी 62 वर्षीय हीरावती देवी, पत्नी रामाश्रय की शनिवार शाम विषैले जंतु के डंसने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6 बजे हीरावती देवी अपनी झोपड़ी में रखी दवा लेने गई थीं। इसी दौरान झोपड़ी में किसी विषैले जंतु ने उन्हें डंस लिया। उन्होंने परिजनों को बताया कि किसी जंतु ने डंस लिया है, लेकिन परिजन कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उनकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन तत्काल उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना चौबेपुर पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि लिखित सूचना के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चाकूबाजी में घायल युवक की मौत कैंट थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की घटना में घायल चाय दुकानदार की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने दर्ज प्राथमिकी में हत्या की धारा बढ़ा दी है। एहतियातन पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कराया गया। भीमनगर सूअर बड़वा इलाके में सड़क किनारे चाय-बिस्किट की दुकान चलाने वाले उजाला पर 14 अप्रैल की रात गोलू नामक युवक ने अपने एक साथी के साथ मिलकर चाकू से हमला कर दिया था। हमले में गंभीर रूप से घायल उजाला को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना का मुख्य आरोपी गोलू ने शनिवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था। पुलिस अब उसे कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी कर रही है। वहीं, दूसरे आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसे भी पढ़ें;Cough Syrup Case: अमित, दिवेश और अभिनव समेत छह आरोपियों पर चार्जशीट तैयार, शुभम जायसवाल का खपाया था पैसा
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 20, 2026, 12:48 IST
Varanasi Top News: वाराणसी में तीन की मौत, गंगा में डूब रहे पर्यटकों को बचाया; दिनदहाड़े बाइक चोरी; बड़ी खबरें #CityStates #Varanasi #VaranasiTopNews #VaranasiNews #VaranasiPolice #SubahSamachar
