Varanasi Weather: हवा में नमी से गर्मी से राहत, औसत से 5.8 डिग्री सेल्सियस नीचे आया पारा; अब फिर बदलेगा मौसम
वाराणसी में तीन दिन पहले आई आंधी-बारिश के बाद से मौसम का मिजाज बदल गया है। बारिश के बाद अब धूप भी हो रही है, लेकिन हवा में नमी अधिक होने की वजह से उसका असर कम दिख रहा है। शनिवार को भी इसी तरह का मौसम देखने को मिला। सुबह नम हवाएं चलीं, तो दिन में धूप के साथ बादलों की आवाजाही भी रही। इस बीच अधिकतम तापमान भी सामान्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस कम होकर 34.6 पहुंच गया। अगले सप्ताह की शुरुआत में तीन दिन तक तेज हवा के साथ बारिश के आसार हैं। शनिवार को सुबह से ही पुरवा हवा में नमी अन्य दिनों की तुलना में अधिक रही। इसके बाद धूप भी हुई, लेकिन तपिश कम रही। इसी का असर रहा कि शाम को भी गर्मी अधिक नहीं रही। हालांकि मई महीने में इस तरह का मौसम बहुत कम देखने को मिलता है। जहां तक तापमान की बात है, तो शनिवार को अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5.8 डिग्री कम रहा। उधर, न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3.4 डिग्री कम होकर 21.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि पुरवा हवाओं के चलने की वजह से मौसम में बदलाव देखने को मिला है। सोमवार और मंगलवार को तेज हवा के साथ बूंदाबांदी के आसार हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 02, 2026, 23:32 IST
Varanasi Weather: हवा में नमी से गर्मी से राहत, औसत से 5.8 डिग्री सेल्सियस नीचे आया पारा; अब फिर बदलेगा मौसम #CityStates #Varanasi #VaranasiWeather #WeatherNewsUpdate #VaranasiNews #SubahSamachar
