Varanasi Weather: मानसून होगा और सक्रिय, अगले 4-5 दिन भारी बारिश के आसार; येलो अलर्ट जारी
मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय होने जा रहा है। सोमवार की देर रात में बारिश हुई। इससे पहले रविवार देर रात से सोमवार सुबह तक 47 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने चार से पांच दिन भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार देर रात एक बजे तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश ने सोमवार सुबह तक शहर को तरबतर कर दिया। गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली। बारिश के बाद अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हवा में नमी बढ़ने से आर्द्रता 90 प्रतिशत तक पहुंच गई। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान पर बना निम्न दबाव क्षेत्र उत्तर की ओर बढ़ते हुए कमजोर पड़ गया है। इसके साथ ही मानसूनी द्रोणी अपनी सामान्य स्थिति के करीब बीकानेर, दिल्ली, लखनऊ, पटना होते हुए मणिपुर तक पहुंच गई है। वहीं, उत्तर-पूर्वी राजस्थान और प्रदेश के दक्षिण-मध्य भाग में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण गंगा के मैदानी क्षेत्रों में मानसूनी प्रवाह मजबूत हो गया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में व्यापक वर्षा होने के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। लगातार बारिश से अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हो सकती है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 04, 2026, 10:34 IST
Varanasi Weather: मानसून होगा और सक्रिय, अगले 4-5 दिन भारी बारिश के आसार; येलो अलर्ट जारी #CityStates #Varanasi #HeavyRainInVaranasi #VaranasiWeather #WeatherNewsToday #SubahSamachar
