Kullu News: शिंकुला दर्रा से ऑड-ईवन तिथि से गुजरेंगे वाहन
केलांग (लाहौल-स्पीति)। मनाली-दारचा-कारगयाक-पदुम होते हुए लेह को जोड़ने वाला वैकल्पिक मार्ग एक बार फिर बहाल हो गया है। हालिया बर्फबारी के चलते बंद मार्ग को सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की योजक परियोजना ने शुक्रवार को खोल दिया है। इससे अब देश-विदेश के पर्यटक शिंकुला दर्रा के रास्ते मनाली से लद्दाख की यात्रा कर सकेंगे।फिलहाल इस मार्ग पर केवल फोर बाई फोर वाहनों को आवाजाही की अनुमति दी गई है। प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार वाहनों का संचालन ऑड-ईवन तिथि के आधार पर किया जाएगा। इसके तहत 28 मार्च को दारचा से पदुम की ओर जाने वाले फोर बाई फोर वाहन चेन और एंटी-स्किड किट के साथ रवाना होंगे, जबकि 29 मार्च को पदुम से दारचा-मनाली की ओर वाहनों की आवाजाही होगी। यह व्यवस्था सड़क के दोनों ओर से पूरी तरह खुलने तक जारी रहेगी। पिछले दिनों भारी बर्फबारी के कारण यह मार्ग बंद हो गया था। ऐसे में शिंकुला दर्रा होकर आवाजाही प्रभावित हुई थी। अब मार्ग बहाल होने से लाहौल घाटी में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इस संबंध में उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने कहा कि सड़क पूरी तरह डबललेन खुलने तक ऑड-ईवन के आधार पर ही वाहनों का संचालन किया जाएगा। यात्रियों से सावधानी बरतने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 27, 2026, 18:35 IST
Kullu News: शिंकुला दर्रा से ऑड-ईवन तिथि से गुजरेंगे वाहन #VehiclesWillPassThroughShinkulaPassOnOdd-evenDates #SubahSamachar
