Meerut: दिनदहाड़े स्कूल बस रोककर छात्र की पिटाई, तमंचे के बल पर मचाया आतंक, दहशत में आए अन्य छात्र, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

मेरठ। लोहिया नगर थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े बाइक सवार हमलावरों ने तमंचे के बल पर स्कूल बस रोककर दसवीं कक्षा के छात्र जतिन त्यागी के साथ बस में घुसकर जमकर मारपीट की। आरोपियों ने जतिन को जबरन बस से अपहरण का प्रयास किया। अपहरण में नाकामयाब होने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से पीटकर जतिन को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना से बस में सवार अन्य छात्रों में चीख-पुकार मच गई। बस सवार छात्र दहशत में आ गए। दुस्साहसिक वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हापुड़ के सूदना गांव निवासी योगेश त्यागी ने बुधवार को थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि उनका बेटा जतिन त्यागी हापुड़ में एक स्कूल में दसवीं का छात्र है। जतिन सुबह के समय बोर्ड परीक्षा देने मेरठ के एक स्कूल में आया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह स्कूल बस से घर लौट रहा था। इसी बीच काजीपुर गांव के सामने चार बाइक सवार हमलावरों ने तमंचा दिखाकर बस को रुकवा लिया। इसके बाद आरोपी बस में चढ़ गए और छात्र को जबरन नीचे उतारने लगे। छात्र द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। बस में सवार अन्य बच्चों में दहशत फैल गई। कई बच्चे रोने लगे और सीटों के नीचे छिप गए। बस चालक और कंडक्टर ने साहस दिखाते हुए बीच-बचाव किया, तब जाकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। आरोपियों ने स्कूल बस पर डंडे मारे। छात्र ने बस चालक के नंबर से फोन कर परिजनों को जानकारी दी। परिजन छात्र को लेकर थाने पहुंचे। जतिन ने बताया कुछ दिन पूर्व एक आरोपी से उसकी फोन पर कहासुनी हो गई थी। आरोपी ने जतिन को भुगतने की धमकी दी थी। पुलिस ने जतिन को मेडिकल के लिए भेज दिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीम लगा दी गई है। जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 25, 2026, 17:53 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Meerut: दिनदहाड़े स्कूल बस रोककर छात्र की पिटाई, तमंचे के बल पर मचाया आतंक, दहशत में आए अन्य छात्र, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल #SubahSamachar