अंबेडकरनगर में बीएड प्रवेश परीक्षा की पहली पाली शांतिपूर्ण संपन्न

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा अंबेडकरनगर में रविवार को 24 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हो रही है। पहली पाली की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। अधिकांश परीक्षार्थियों ने प्रश्नपत्र को आसान बताया, जिससे उनके चेहरे पर संतोष और आत्मविश्वास दिखाई दिया। आलापुर तहसील क्षेत्र के गोविंद साहब निवासी सीमा मौर्य ने बताया कि वह सुबह छह बजे घर से निकलकर समय से परीक्षा केंद्र पहुंचीं। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र अपेक्षाकृत सरल था और अधिकांश प्रश्न पाठ्यक्रम से जुड़े हुए थे। ऐसे में उन्हें परीक्षा में सफलता की पूरी उम्मीद है। वहीं, जलालपुर स्थित नरेंद्र देव इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देने पहुंचे बिहार के बेगूसराय निवासी अमन ने बताया कि प्रश्नपत्र में कुछ सवाल ऐसे थे जिन्होंने थोड़ा उलझाया, लेकिन कुल मिलाकर पेपर संतुलित रहा। उन्होंने बताया कि वह परीक्षा के लिए दो दिन पहले ही घर से रवाना हुए थे और समय से केंद्र पहुंच गए। परीक्षा केंद्र पर विद्यालय प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाएं संतोषजनक रहीं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अधिकारियों की निगरानी में परीक्षा शांतिपूर्ण और नकल विहीन माहौल में संपन्न कराई गई।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 31, 2026, 14:26 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


अंबेडकरनगर में बीएड प्रवेश परीक्षा की पहली पाली शांतिपूर्ण संपन्न #SubahSamachar