पानीपत: अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा एसडी पीजी कॉलेज में अपराजिता कार्यक्रम का आयोजन

अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा शनिवार को एसडी पीजी कॉलेज में अपराजिता कार्यक्रम किया गया। इसमें करीब 40 छात्राएं शामिल हुई। विषय महिलाओं के अधिकार, समानता और सुरक्षा रहा। मुख्य वक्ता जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा और कॉलेज प्राचार्य डॉ. अनुपम अरोड़ा रहे। कॉलेज की शारीरिक शिक्षा विभाग की अध्यक्ष डॉ. सुशीला बैनीवाल ने छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए। जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने कहा कि महिलाएं आज किसी से कम नहीं हैं। उनको मौका मिलते ही हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया चाहिए। शिक्षा, खेल, विज्ञान और प्रशासनिक सेवाओं में बेटियां लगातार आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने यूपीएससी परिणाम का उदाहरण देते हुए बताया कि सफल अभ्यर्थियों में बेटियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यह समाज के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग जरूरतमंद बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। शिक्षा रथ अभियान के माध्यम से बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ा गया है। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और कभी हार न मानने का संदेश दिया। प्राचार्य डॉ. अनुपम अरोड़ा ने कहा कि शिक्षा के माध्यम महिलाओं को वास्तविक सशक्तिकरण मिल सकता है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं को समान अवसर और सुरक्षित वातावरण देना सबकी जिम्मेदारी है। जब तक बेटियों को स्वतंत्रता और सम्मान नहीं मिलेगा, तब तक विकास अधूरा रहेगा।अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. संतोष कुमारी ने कहा कि महिला अधिकारों की चर्चा केवल महिलाओं तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि पुरुषों को भी इसमें शामिल करना जरूरी है, तभी समाज में बराबरी की सोच विकसित होगी। शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. सुशीला बेनीवाल ने कहा कि महिला सशक्तिकरण तभी संभव है जब पुरुषों की मानसिकता बदलें। उन्होंने आत्मरक्षा के लिए मार्शल आर्ट जैसे प्रशिक्षण को जरूरी बताया। प्रोफेसर अनु आहूजा ने कहा कि बच्चों को बचपन से ही समानता का पाठ पढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज की लड़कियां अपने जीवन में बराबरी का साथी चाहती हैं, न कि परंपरागत सोच। प्रोफेसर मोनिका ने कहा कि ग्रामीण अंचल में लड़कियों की शिक्षा को लेकर नजरिया बदलना जरूरी है। प्रोफेसर दीपिका ने कहा कि महिलाओं के प्रति भेदभाव आज भी समाज में मौजूद है, जिसे खत्म करने के लिए महिलाओं को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 25, 2026, 20:31 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


पानीपत: अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा एसडी पीजी कॉलेज में अपराजिता कार्यक्रम का आयोजन #SubahSamachar