अयोध्या में निराश्रित गोवंश संरक्षण अभियान तेज, बीडीओ ने सुबह 7 बजे से संभाला मोर्चा
अयोध्या में शनिवार सुबह तारुन ब्लॉक में निराश्रित गोवंशों को सुरक्षित आश्रय दिलाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। खंड विकास अधिकारी आनंद कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में सुबह 7 बजे से अभियान शुरू हुआ। अभियान के तहत ग्राम सिरसा नियाजपुर, नेतवारी चतुरपुर और नन्सा बाजार क्षेत्र में सड़कों, बाजारों तथा सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे निराश्रित गौवंशों को चिन्हित कर गौशालाओं तक पहुंचाया गया। प्रशासनिक टीम के साथ स्थानीय ग्रामीणों ने भी सहयोग किया। खंड विकास अधिकारी आनंद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंशों से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। गोवंशों की सुरक्षा और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान रविवार को भी जारी रहेगा। इस दौरान एडीओ कोऑपरेटिव अमित कुमार सिंह, एडीओ ग्राम्य विकास सुरेश कुमार, एडीओ पंचायत हुसैन फारुकी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 23, 2026, 12:29 IST
अयोध्या में निराश्रित गोवंश संरक्षण अभियान तेज, बीडीओ ने सुबह 7 बजे से संभाला मोर्चा #SubahSamachar
