भिवानी : पेयजल समस्या को लेकर अलखपुरा के ग्रामीणों ने चार घंटे तोशाम-हांसी मार्ग किया जाम
- संवाद न्यूज एजेंसी भिवानी। पेयजल समस्या को लेकर गांव अलखपुरा के गुस्साए ग्रामीणों ने मंगलवार को तोशाम-हांसी मार्ग अवरुद्ध कर दिया। करीब चार घंटे बाद सिंचाई विभाग के एसडीओ द्वारा समस्या के समाधान का आश्वासन दिए जाने पर ग्रामीण शांत हुए और मार्ग खोला। इस दौरान भारी संख्या में महिलाएं उपस्थित रही। करीब एक माह से पेयजल संकट से जूझ रहे अलखपुरा के ग्रामीणों का मंगलवार को सब्र का बांध टूट गया। गुस्साए ग्रामीण तोशाम-हांसी मार्ग पर आ गए। मार्ग पर मटके फोड़कर ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए करीबन दस बजे मार्ग को अवरूद्ध कर दिया। जाम लगाए जाने की सूचना के बाद पुलिस प्रशासन व सिंचाई विभाग के एसडीओ राकेश कुमार मौके पर पहुंचे। एसडीओ द्वारा नहर की सफाई करवाकर अतिशीघ्र समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया। करीबन 2 बजे ग्रामीणों को मनाया गया और जाम खोल दिया गया। इस दौरान राहगीरों को काफी परेशानी रही और वाहनों की लंबी लाइन लग गई। इस संबंध में सरपंच अभय सिंह ने कहा कि करीब 25 दिन से गांव में पेयजल सप्लाई नहीं आई है। उन्होंने बताया कि विभाग ने नहर की सफाई करवाकर अतिशीघ्र समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 30, 2026, 16:44 IST
भिवानी : पेयजल समस्या को लेकर अलखपुरा के ग्रामीणों ने चार घंटे तोशाम-हांसी मार्ग किया जाम #SubahSamachar
