देश को गलत दिशा में ले जा रही भाजपा सरकार- परगट सिंह
कांग्रेस महासचिव और विधायक परगट सिंह ने पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों, देश की आर्थिक स्थिति, पंजाब की कानून व्यवस्था और केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात पूरी तरह सरकार की नाकामी और गलत आर्थिक प्रबंधन का परिणाम हैं। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी पर बोलते हुए परगट सिंह ने कहा कि यह “टोटल बीजेपी सरकार का फेलियर” है। उन्होंने वित्त मंत्री के कामकाज पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने कहा कि जब नरेंद्र मोदी सत्ता में आए थे, तब रुपया गिरने पर बड़े-बड़े सवाल उठाते थे, लेकिन आज रुपया लगातार कमजोर हो रहा है और सरकार के पुराने दावे झूठे साबित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार देश को ऐसी स्थिति में ले आई है जहां आम आदमी महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक दबाव से जूझ रहा है। परगट सिंह ने कहा कि अब सरकार खाड़ी देशों में चल रहे तनाव और अंतरराष्ट्रीय हालात को बहाना बनाकर अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर रही है, जबकि असल समस्या “मिस मैनेजमेंट” है। पंजाब में हाई अलर्ट के बीच हैंड ग्रेनेड मिलने की घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए परगट सिंह ने कहा कि राज्य में राजनीतिक और पुलिस नेतृत्व दोनों कमजोर साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि इसी कमजोरी के कारण ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आम आदमी पार्टी की नीतियों के चलते पंजाब की स्थिति प्रभावित हो रही है। आवारा कुत्तों के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर उन्होंने कहा कि कोर्ट ने सिर्फ रेबीज संक्रमित और खतरनाक कुत्तों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है। बेजुबान जानवरों पर अत्याचार या अंधाधुंध कार्रवाई की बात नहीं कही गई। “कॉकरोच जनता पार्टी” वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि देश की संस्थाओं को इस तरह की टिप्पणियों से बचना चाहिए। उनका कहना था कि देश का युवा पहले ही बेरोजगारी और सिस्टम से निराश है, ऐसे में गैर-जिम्मेदार बयान माहौल को और खराब कर सकते हैं। हॉकी खिलाड़ी ओलंपियन मनदीप को महाराजा रणजीत सिंह अवॉर्ड मिलने पर परगट सिंह ने खुशी जताई और कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियों से ही शहर, पंजाब और देश की पहचान मजबूत होती है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 23, 2026, 11:55 IST
देश को गलत दिशा में ले जा रही भाजपा सरकार- परगट सिंह #SubahSamachar
