बाराबंकी में डीएम-एसपी ने जमकर खेली होली, पुलिसकर्मियों ने खेला रंग
बाराबंकी में पुलिस लाइन में पुलिस महकमे की पारंपरिक होली मनाई गई। रंग-गुलाल, ढोल और हंसी-मज़ाक के बीच अफसर और जवान सब एक ही रंग में नजर आए। सबसे दिलचस्प पल तब आया जब जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने एक-दूसरे को रंग लगाते-लगाते पूरी तरह रंगों में सराबोर कर दिया। पुलिस लाइन का मैदान देखते ही देखते रंगों के समंदर में बदल गया। कहीं गुलाल उड़ रहा था तो कहीं रंगों की बौछार हो रही थी। इसी बीच फायर ब्रिगेड का टैंकर भी खोला गया, जिसकी तेज फुहारें बरसात की तरह पुलिसकर्मियों पर गिरने लगीं। पानी और रंग के इस संगम ने माहौल को और भी उल्लासमय बना दिया। डीएम और एसपी ने पहले एक-दूसरे को गुलाल लगाया, फिर रंगों की बौछार कर दी। दोनों अफसरों को इस तरह मस्ती करते देख जवानों का उत्साह भी दोगुना हो गया। देखते ही देखते पूरा पुलिस महकमा रंगों में भीग गया और हर ओर ठहाके गूंजने लगे। ढोल और डीजे की धुन पर पुलिसकर्मी झूमते रहे। अधिकारी और जवान एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की बधाई देते नजर आए। मिठाइयां बांटी गईं और पूरे माहौल में भाईचारे और अपनापन का रंग साफ दिखाई दिया। बाराबंकी में वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के तहत पुलिस होली के अगले दिन अपना उत्सव मनाती है, ताकि त्योहार के दिन ड्यूटी निभाने वाले पुलिसकर्मी भी बाद में पूरे मन से होली की खुशी मना सकें। इस बार भी पुलिस लाइन में वही उत्साह, वही अपनापन और वही रंगों की बौछार देखने को मिली, जिसने पूरे आयोजन को यादगार बना।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 05, 2026, 09:30 IST
बाराबंकी में डीएम-एसपी ने जमकर खेली होली, पुलिसकर्मियों ने खेला रंग #SubahSamachar
