बाराबंकी में सड़क हादसे में चार की मौत, तीन की हालत नाजुक
'कैंची धाम के दर्शन का सपना लिए रात के अंधेरे में शांत हाईवे पर इनोवा में बैठे युवक फर्राटा भर रहे थे। अचानक धड़ाम की आवाज हुई और सन्नाटा चीखों पर बदल गया। एक पल में सब कुछ खत्म हो गया। चार युवक इस दुनिया से रुखसत हो गए और तीन जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।' यह कहानी नहीं, बल्कि हकीकत है मंगलवार को तड़के यूपी के बाराबंकी में हुए सड़क हादसे की। धड़ाम की आवाज इनोवा के खड़े ट्रक में टकराने के बाद आई थी। बताया गया कि इनोवा सवार युवक वाराणसी से कैंची धाम दर्शन करने के लिए निकले थे। तड़के करीब 3.00 बजे उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। हादसा लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर हैदरगढ़ क्षेत्र में भिखरा गांव के पास हुआ। घटना के बाद राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने कार में फंसे युवकों को बाहर निकालना शुरू किया। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। वहां पर तीन की हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। वहीं चार को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतकों में इनोवा सवार गाजीपुर के गैबीपुर निवासी राहुल सिंह (35), चंदौली के मुगलसराय निवासी राहुल कुमार (36), बलिया के रामपुर रसड़ा निवासी सत्यम (38) और ट्रक खलासी गाजीपुर निवासी सूरज यादव (30) शामिल हैं। जबकि, मिर्जापुर के चुनार निवासी चंदन सिंह (35) और पंकज सिंह (34), बलिया के बेला निवासी प्रशांत की हालत नाजुक बनी हुई है। खबर मिली तो परिजन भी रोते बिलखते पहुंचे। लोग यही कहते रहे कि जो युवक सुबह मंदिर में माथा टेकने वाले थे, उनके घरों में अब अंतिम यात्रा की तैयारी हो रही है। मौके के दृश्यों ने मौजूद लोगों को अंदर तक झकझोर दिया। प्रथम दृष्टया झपकी आने से हादसा होने का अंदेशा लगाया जा रहा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 26, 2026, 08:20 IST
बाराबंकी में सड़क हादसे में चार की मौत, तीन की हालत नाजुक #SubahSamachar
