वेयरहाउसिंग काॅरपोरेशन के डीएम सुसाइड केस में सीसीटीवी फुटेज आया सामने
पंजाब वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के अधिकारी गगनदीप सिंह रंधावा आत्महत्या मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। अब इस मामले से जुड़ा कथित सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसने जांच को नई दिशा दे दी है। सूत्रों के अनुसार सामने आए फुटेज में रंधावा को कथित रूप से जहरीला पदार्थ (सेल्फॉस) खाते हुए देखा जा सकता है। यह वीडियो अब जांच एजेंसियों के लिए अहम सबूत माना जा रहा है। इससे पहले भी रंधावा का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने आत्महत्या से पहले कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके चलते वह यह कदम उठाने को मजबूर हुए। मृतक के परिवार ने भी आरोप लगाया है कि रंधावा पर टेंडर से जुड़े मामलों को लेकर दबाव बनाया जा रहा था और उन्हें धमकियां दी जा रही थीं। परिवार ने साफ कहा है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। उधर, इस मामले में पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर सहित कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घटना के बाद प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है और विभिन्न राजनीतिक दल सरकार पर कार्रवाई को लेकर दबाव बना रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सामने आए सभी सबूतों को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 23, 2026, 12:29 IST
वेयरहाउसिंग काॅरपोरेशन के डीएम सुसाइड केस में सीसीटीवी फुटेज आया सामने #SubahSamachar
