फतेहाबाद: दो दिन की छुट्टी के बाद खुली ओपीडी, मरीजों की लगी भीड़

नागरिक अस्पताल में दो दिन बाद सोमवार को ओपीडी सेवाएं शुरू होने पर मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शनिवार को डॉक्टरों की हड़ताल और रविवार को अवकाश होने के कारण ओपीडी बंद रही थी, जिसके चलते सोमवार सुबह से ही अस्पताल में मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। अस्पताल में इलाज के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में मरीज पहुंचने लगे। पर्ची काउंटर और डॉक्टरों के कमरों के बाहर लोगों की भीड़ लगी रही। कई मरीजों को लंबे समय तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। इसी बीच अस्पताल में ई-उपचार प्रणाली का सर्वर भी बंद रहा, जिसके कारण पर्चियां ऑनलाइन नहीं बन सकीं। ऐसे में कर्मचारियों को मरीजों की पर्चियां मैनुअल तरीके से काटनी पड़ीं। मैनुअल पर्ची बनने से प्रक्रिया धीमी हो गई और मरीजों को और अधिक इंतजार करना पड़ा। अस्पताल प्रशासन के अनुसार ई-उपचार सर्वर में तकनीकी समस्या आने के कारण ऑनलाइन पर्ची बनाने में दिक्कत आई। कर्मचारियों ने मरीजों की सुविधा को देखते हुए मैनुअल पर्चियां काटकर ओपीडी की व्यवस्था सुचारु रखने का प्रयास किया। मरीजों ने बताया कि दो दिन तक ओपीडी बंद रहने के कारण सोमवार को भीड़ अधिक रही। कई मरीज दूरदराज के गांवों से इलाज के लिए पहुंचे थे। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि सर्वर ठीक होते ही ई-उपचार प्रणाली के माध्यम से पर्चियां बनना शुरू हो जाएंगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 09, 2026, 11:57 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


फतेहाबाद: दो दिन की छुट्टी के बाद खुली ओपीडी, मरीजों की लगी भीड़ #SubahSamachar