भिवानी में 350 करोड़ रुपये बीमा क्लेम का फैसला किसानों के संघर्ष की जीत
लोहारू के शहीद महाबीर किसान भवन में संयुक्त किसान मोर्चा लोहारू के आह्वान पर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता किसान नेता रामपाल सिंह सिंघानी एवं पृथ्वी सिंह गोठड़ा ने संयुक्त रूप से की। बैठक में क्षेत्र के अनेक किसानों ने भाग लेते हुए हाल ही में किसानों के पक्ष में आए 350 करोड़ रुपये के कपास बीमा क्लेम मामले के निर्णय पर चर्चा की तथा इसे किसानों के लंबे संघर्ष और एकजुटता की ऐतिहासिक जीत बताया। बैठक को संबोधित करते हुए किसान नेताओं ने कहा कि एसजीआरसी (SGRC) द्वारा किसानों के पक्ष में दिया गया फैसला इस बात का प्रमाण है कि बीमा कंपनी द्वारा किसानों के साथ अन्याय किया गया था। समिति ने कंपनी को गलत ठहराते हुए किसानों को उनकी बकाया बीमा क्लेम राशि देने का आदेश दिया है। यह फैसला उन हजारों किसानों की जीत है जिन्होंने पिछले लंबे समय से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष किया और लगातार आंदोलन चलाया। किसान नेता नरेश पहाड़ी और पृथ्वी सिंह गोठड़ा ने कहा कि 350 करोड़ रुपये की बीमा क्लेम राशि का फैसला किसी राजनीतिक नेता या व्यक्ति विशेष की देन नहीं है, बल्कि यह किसानों की एकता, संघर्ष और अथक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि किसानों ने अपने अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर प्रशासनिक और कानूनी मंचों तक पूरी मजबूती के साथ लड़ी, जिसके फलस्वरूप यह सकारात्मक निर्णय आया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 05, 2026, 16:09 IST
भिवानी में 350 करोड़ रुपये बीमा क्लेम का फैसला किसानों के संघर्ष की जीत #SubahSamachar
