VIDEO: बढ़े सर्किल रेट से मुआवजा दिलाने की मांग, किसानों ने की नारेबाजी
मैनपुरी के भोगांव में फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना के तहत अधिग्रहित की गई किसानों की जमीन का मुआवजा बढ़े हुए सर्किल रेट के अनुसार दिलाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन श्रमिक जन शक्ति के बैनर तले किसानों ने तहसील में नारेबाजी की। उप जिलाधिकारी नीरज द्विवेदी को ज्ञापन सौंपा। भारतीय किसान यूनियन श्रमिक जन शक्ति के जिलाध्यक्ष अतुल यादव के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने कहा कि एक्सप्रेस-वे निर्माण के लिए ग्राम चनेपुर, छछीलपुर, अकबरपुर बिक्कू, हाजीपुर वरदान, बहदीनपुर, मुढ़ई और पटना टिलुआ सहित कई गांवों की कृषि भूमि अधिग्रहित की गई थी। किसानों का आरोप है कि अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया था कि यदि भविष्य में सर्किल रेट में वृद्धि होती है तो सभी प्रभावित किसानों को बढ़े हुए रेट के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा। इसी भरोसे पर किसानों ने पुराने सर्किल रेट पर जमीन के बैनामे कर दिए थे। किसानों ने कहा कि अब क्षेत्र में नया सर्किल रेट लागू हो चुका है। लेकिन उन्हें अतिरिक्त मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। इससे किसानों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि उनकी उपजाऊ कृषि भूमि एक्सप्रेस-वे में चली गई। ज्ञापन में किसानों ने मांग की कि सभी प्रभावित किसानों को समान रूप से बढ़े हुए सर्किल रेट के आधार पर मुआवजा दिया जाए। चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उपजिलाधिकारी ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाकर नियमानुसार कार्रवाई कराई जाएगी। दिनेश कुमार पाल, आशीष कश्यप, रंजीत सिंह, उमेश सिंह, राजेंद्र सिंह, प्रमोद बापू, पृथ्वीराज, मुकेश, संगीता मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 20, 2026, 20:53 IST
VIDEO: बढ़े सर्किल रेट से मुआवजा दिलाने की मांग, किसानों ने की नारेबाजी #SubahSamachar
