मुक्तसर में जन्माष्टमी उत्सव में भजनों पर झूमे श्रद्धालु

मुक्तसर के टिब्बी साहिब रोड स्थित श्री राम भवन में कुन्ज बिहारी मनमोहन भगवान श्री कृष्ण का पावन प्रकटोत्सव दिवस श्रद्धा-भाव एवं उल्लास के साथ मनाया गया। भाई रमन जैन की अध्यक्षता में सायं 4.15 से 6.15 बजे तक भजन संकीर्तन के दौरान बड़ी गिनती में श्रद्धालु उमड़े नजर आए और भजनों की गंगा में डुबकियां लगाते दिखे। मंदिर का माहौल कृष्णमयी हो उठा। इस मौके राधा-माधव जी को नूतन वस्त्र धारण करवाए गए। वहीं मंदिर प्रांगण में श्री कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर लड्डू गोपाल का झूला भी लगा हुआ था। जिसे झुलाने के लिए श्रद्धालु लालायित नजर आ रहे थे। इस मौके भाई रमन जैन ने श्रद्धालुओं को भगवान श्री कृष्ण की मनमोहिनी लीलाओं का सामूहिक गान करवाया। संकीर्तन के अंतर्गत एक माला ॐ कृष्णाय वासुदेवाय हरये परमात्मने। प्रणत क्लेशनाशाय, गोविन्दाय नमो नम।। श्लोक का जाप भी हुआ। इसके बाद भजन-संकीर्तन का जो दौर शुरु हुआ उसमें श्रद्धालु कान्हा के रंग में रंगे भजनों पर झूमते ही रहे। उत्सव दौरान श्रद्धालुओं को विभिन्न तरह के प्रसाद व खिलौने वितरित किए गए। इस मौके नत्थू राम गोयल, नरिंदर गुप्ता, दविंदर तायल, कपिल धूडिया, संदीप बांसल, धर्मपाल गावडी, पंडित बुध प्रकाश, रिंकू बांसल, दीपू कोठारी, संदीप चुघ समेत बड़ी गिनती में श्रद्धालु उपस्थित थे। उधर, शहर के श्री श्याम मंदिर, साईं मंदिर, श्री रघुनाथ मंदिर, श्री महादेव मंदिर, शक्ति मंदिर श्री मनन धाम, श्री दुर्गा मंदिर गीता भवन समेत अन्य मंदिरों में भी श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर रात बारह बजे तक उत्सव होते रहे। जहां श्रद्धालु उमड़े नजर आए। शहर का माहौल कृष्ण भगवान के रंग में रंगा नजर आ रहा था।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Sep 05, 2026, 05:21 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


मुक्तसर में जन्माष्टमी उत्सव में भजनों पर झूमे श्रद्धालु #SubahSamachar