एकजुटता के साथ होंगे प्रयास तो बचे रहेंगे जंगल, वनाग्नि को लेकर हुई चर्चा
वन पंचायत परामर्श दात्री संगठन की बैठक में जंगलों को आग बचाने पर चर्चा की गई। इस दौरान महिला मंगल दलों ने वनों को बचाने के लिए जागरूकता कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बदरीनाथ के डीएफओ सर्वेश कुमार दुबे ने कहा कि आपसी सहयोग से ही जंगलों को बचाया जा सकता है। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में कहा गया कि गांवों में कई बार खेती बाड़ी के काम में लापरवाही होने से जलते आड़ों से आग जंगलों तक पहुंच जाती है। वहीं शरारती तत्व भी जंगलों में आग लगाते हैं। ऐसे में यदि ग्रामीण, महिला मंगल और युवक मंगल दल, ग्राम प्रहरी, सहित वन विभाग आपसी सहयोग से काम करे तो जंगल आग से बच सकते हैं। संगठन के जिलाध्यक्ष कैलाश खंडूड़ी ने कहा कि वन पंचायतों को मजबूत किया जाना चाहिए। साथ ही वनाग्नि के लिए सरपंचों को प्रशिक्षण और संसाधन मुहैया किए जाने चाहिए। आग बुझाते वक्त घायल होने पर मुआवजे का प्रावधान होना चाहिए। कार्यक्रम में सोनला, बेडाणू आदि गांवों की महिलाओं ने ना काटा तों डाल्यूं.सहित कई पर्यावरण संरक्षण के गीत और नृत्य की प्रस्तुतियां दीं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 28, 2026, 17:38 IST
एकजुटता के साथ होंगे प्रयास तो बचे रहेंगे जंगल, वनाग्नि को लेकर हुई चर्चा #SubahSamachar
