रेवाड़ी: 23 मार्च को पिपली में होने वाली महापंचायत की तैयारियों पर चर्चा, टैरिफ समझौते की प्रतियां भी जलाई

भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) जिला रेवाड़ी की मासिक बैठक मंगलवार को किसान भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान समय सिंह ने की। समय सिंह ने बताया कि यूनियन के उप प्रधान जगदीश गुर्जर का 5 मार्च को निधन हो गया था। बैठक के दौरान किसान भवन में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके योगदान को याद किया गया। इसके बाद गांव भोतवास निवासी आयुषी, जो पूर्व पार्षद अमित की पुत्री हैं, को भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) की ओर से सम्मानित किया गया। आयुषी ने नेट परीक्षा में 99.9 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया स्तर पर 26वीं रैंक हासिल की है, जिस पर यूनियन पदाधिकारियों ने उसे बधाई दी। बैठक के दौरान मोदी और ट्रंप के बीच हुए टैरिफ समझौते का विरोध जताते हुए उसकी प्रतियां भी जलाई गईं। इसके साथ ही 23 मार्च को पिपली (कुरुक्षेत्र) में होने वाली महापंचायत को लेकर तैयारियों पर चर्चा की गई। यूनियन पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि रेवाड़ी जिले से हजारों की संख्या में किसान, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग महापंचायत में भाग लेंगे। इस अवसर पर राजेंद्र कुमार गेरा, बाबूलाल, वेद प्रकाश सुल्तानिया, राजकुमार, मनीषा यादव, सविता दहिया एडवोकेट, ओपी लोहाणा, हरफूल, शीशराम, वीरेंद्र खेड़ा, राजपाल गुरावड़ा, रोशन लाल दरोगा, खेमचंद ढाकिया, मनफूल नंबरदार, सुरेश रामगढ़ सहित अन्य किसान नेता मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 10, 2026, 17:10 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


रेवाड़ी: 23 मार्च को पिपली में होने वाली महापंचायत की तैयारियों पर चर्चा, टैरिफ समझौते की प्रतियां भी जलाई #SubahSamachar