करनाल में संदिग्ध परिस्थितियों में ई-रिक्शा चालक की माैत, ट्रांसपोर्टर से था विवाद; परिजनों ने ट्रांसपोर्टर पर लगाए आरोपी
शहर में कंबोपुरा के पास ट्रांसपोर्टर की दुकान के नजदीक संदिग्ध परिस्थितियों में मदनपुर गांव निवासी ई-रिक्शा चालक सुरेश (40) की माैत हो गई। सुरेश कोरियर डिलीवरी का काम करता था और उसका ट्रांसपोर्टर के साथ पार्सल को लेकर विवाद चल रहा था। इसी के चलते वह परेशान था। मृतक के परिजनों ने ट्रांसपोर्टर पर पार्सल गुम होने के बारे परेशान करने का आरोप लगाया है। वहीं, मधुबन थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। मदनपुर गांव निवासी सुरेश ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। रिक्शा के माध्यम से वो कोरियर सप्लाई भी करता था। सुरेश की बेटी ने आरोप लगाया कि पिछले दिनों उनके पिता की ई-रिक्शा से ट्रांसपोर्टर पार्सल गुम हो गया था। इसी को लेकर ट्रांसपोर्टन उनके पिता को एक सप्ताह से परेशान कर रहा था। ट्रांसपोर्टर पार्सल की एवज में कभी डेढ़ लाख रुपये का बिल तो कभी 14-15 लाख रुपये का बिल होने की बात कहता था। कई बार उसने 30 लाख रुपये बिल होने की बात भी कही। ट्रांसपोर्टर उनके पिता को पुलिस और कंपनी का नाम लेकर डराता था। इसी के कारण उनका पिता तनाव में रहता था। हालांकि पार्सल पहले ही डिलीवर किया जा चुका था। बेटी का आरोप है कि ट्रांसपोर्टर ने पार्सल को वापस मंगवाया था और दोबारा डिलीवरी के दौरान वह गुम हो गया था। वहीं जिस पार्सल को लेकर विवाद चल रहा था, वह वीरवार को मिल भी गया था। इसके बावजूद सुरेश को इस बारे में जानकारी नहीं दी गई और उस पर लगातार दबाव बनाया गया। इसी मानसिक दबाव के कारण वह काफी परेशान था और उनकी वीरवार को माैत हो गई। बेटी ने बताया कि बुधवार को भी उसके पिता आत्महत्या करने के लिए घर से निकल गए थे, लेकिन परिवार ने किसी तरह उन्हें रोक लिया था। मामले को लेकर मधुबन थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। ट्रांसपोर्ट की दुकान के पास पेशाब के लिए गया और गिर गया सुरेश कंबोपुरा धर्मकांटे के सामने ट्रांसपोर्ट की दुकान के पास सुरेश की माैत हुई है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की जांच की, फुटेज में सामने आया कि सुरेश करीब साढ़े तीन बजे ई-रिक्शा से उतरा और पेशाब के लिए गया, फिर वापस आकर बैठ गया। करीब चार बजकर पांच मिनट पर वह दोबारा ई-रिक्शा से उतरा और बाथरूम की तरफ गया, जहां वह गिर गया। बाद में वहीं पर उसका शव मिला। डीएसपी रेखा ने बताया कि उनको मिली शिकायत के तौर पर उन्होंने दो लोगों अमन और शुभम को हिरासत में ले लेकर पूछताछ की जा रही है उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से कंपनी के नाम भी शिकायत दी गई है जिसपर जांच जारी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 21, 2026, 07:54 IST
करनाल में संदिग्ध परिस्थितियों में ई-रिक्शा चालक की माैत, ट्रांसपोर्टर से था विवाद; परिजनों ने ट्रांसपोर्टर पर लगाए आरोपी #SubahSamachar
