फतेहाबाद में दो दिन से ठप पड़ी बिजली निगम की वेबसाइट, कार्यालय में उमड़ी उपभोक्ताओं की भीड़
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की ऑनलाइन बिल भुगतान प्रणाली पिछले दो दिनों से तकनीकी खराबी के कारण पूरी तरह ठप पड़ी है। वेबसाइट और मोबाइल ऐप काम न करने के चलते उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत उन उपभोक्ताओं को आ रही है, जिनकी बिल भरने की अंतिम तिथि नजदीक है और वे जुर्माने से बचना चाहते हैं। ऑनलाइन सेवा बंद होने के कारण अब फतेहाबाद के बिजली निगम कार्यालय में ऑफलाइन बिल जमा करवाने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग गई हैं। सुबह से ही लोग अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। काउंटर पर उमड़ी भीड़ के कारण घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे कामकाजी लोगों और बुजुर्गों को काफी असुविधा हो रही है। उपभोक्ता गुरदीप, सुनील और पिंकी आदि का कहना है कि डिजिटल इंडिया के दौर में दो दिन तक वेबसाइट का बंद रहना निगम की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाता है। वहीं, निगम अधिकारियों के अनुसार सर्वर में तकनीकी दिक्कत के कारण यह समस्या आई है, जिसे जल्द ही दुरुस्त करने का प्रयास किया जा रहा है। सिटी एसडीओ रविंद्र ने आश्वासन दिया है कि जब तक तकनीकी समस्या हल नहीं होती, तब तक ऑफलाइन काउंटरों पर अतिरिक्त स्टाफ तैनात कर स्थिति को संभालने की कोशिश की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 24, 2026, 10:21 IST
फतेहाबाद में दो दिन से ठप पड़ी बिजली निगम की वेबसाइट, कार्यालय में उमड़ी उपभोक्ताओं की भीड़ #SubahSamachar
