बिजली उपकरण कबाड़ी में बेचने पहुंचे बिजलीकर्मी, साथी को देखकर फरार; VIDEO
भदोही जिले में शनिवार को बिजली निगम के कर्मचारियों द्वारा चोरी कराए जाने का मामला सामने आया। आरोप है कि बिजली निगम के कर्मचारी स्टोर्स से कीमती सामानों को लेकर कबाड़ में बेचने जा रहे थे। इस बीच एक संविदाकर्मी मौके पर पहुंचकर वीडियो बनाने लगा। जिसे देखकर सामान वहीं छोड़ फरार हो गए। मामला का वीडियो वायरल हो गया। घटना की जानकारी होने के बाद एक्सईएन स्टोर ने मामले की जांच एसडीओ को सौंप दी है। भदोही विद्युत निगम के स्टोर से शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे निगम का एक बाबू और एक संविदाकर्मी बोरी में करीब 30 हजार रुपये की कीमत के तांबा, अल्युमिनियम, पीतल आदि भरकर बाइक से कबाड़ी वाली दुकान पर पहुंचे। इस बीच संविदाकर्मी उनकी हरकतों को देख रहा था और उनका पीछा करते हुए कबाड़ी की दुकान तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि बिजली निगम के बाबू और संविदाकर्मी ने जैसे ही उसे देखा सारा सामान वहीं पर छोड़कर फरार हो गए। संविदाकर्मी ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सारा सामान अपने कब्जे में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है। जांच की जा रही है। सच होने पर कार्रवाई की जाएगी। दूसरी तरफ बिजली निगम के एक्सईएन आरके यादव ने बताया कि यह मामला सामने आया है। एसडीओ को जांच सौंपा गया है। जांच रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 28, 2026, 17:37 IST
बिजली उपकरण कबाड़ी में बेचने पहुंचे बिजलीकर्मी, साथी को देखकर फरार; VIDEO #SubahSamachar
