मोगा में किसानों ने थाना घेरा, चड़ीक रोड किया जाम, सरकार के खिलाफ नारेबाजी
भारतीय किसान यूनियन एकता उग्रहा द्वारा बठिंडा डीसी कार्यालय के बाहर पक्का मोर्चा लगाने के एलान से पहले ही प्रशासन ने पंजाब के कई गांवों में किसान नेताओं के घरों पर छापेमारी कर कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। इसी कड़ी में मोगा में भी किसान नेता लखविंदर सिंह लखा को शुक्रवार सुबह चड़ीक पुलिस ने हिरासत में लेकर थाने में बंद कर दिया। इस कार्रवाई के विरोध में किसानों ने सुबह से ही थाने का घेराव कर चड़ीक रोड जाम कर दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों का कहना है कि जब तक उनके नेताओं को रिहा नहीं किया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा। किसान नेताओं ने बताया कि यह संघर्ष बलदेव सिंह चाऊके और सगनदीप सिंह जिऊद की रिहाई को लेकर भी जारी है, जो पिछले करीब 9 महीनों से बठिंडा जेल में बंद हैं। उनका आरोप है कि दोनों नेताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज किए गए हैं। जेल में रहते हुए सगनदीप सिंह की माता का निधन हो गया था और भारी विरोध के बाद ही उन्हें अंतिम संस्कार के लिए पैरोल दी गई थी। किसानों का कहना है कि जब तक सभी नेताओं की रिहाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 06, 2026, 12:38 IST
मोगा में किसानों ने थाना घेरा, चड़ीक रोड किया जाम, सरकार के खिलाफ नारेबाजी #SubahSamachar
