फतेहाबाद में नेपाली मूल के पिता-पुत्र नहर में बहे, एसडीआरएफ तलाशी में जुटी

गांव बीघड़ में शनिवार दोपहर को पॉल्ट्री फार्म पर काम करने वाले नेपाली मूल के बाप-बेटा नहर में नहाते समय पानी के तेज बहाव में बह गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश की जा रही है, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। बाप-बेटे की तलाश को लेकर हिसार से स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स की टीम को भी बुलाया गया है। नेपाल निवासी विष्णु अपनी पत्नी के साथ गांव बीघड़ में पूर्व सरपंच के बेटे सोनू के पॉल्ट्री फार्म पर काम करता था। शनिवार दोपहर बाद विष्णु, उसका 17 वर्षीय बेटा सुभाष और उनका एक अन्य साथी बीरु नहर पर नहाने के लिए गए थे। नहाने के दौरान अचानक सुभाष गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। सुभाष को डूबता देख उसका पिता विष्णु और साथी बीरु ने उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। पानी का बहाव बेहद तेज था। जब बचाने के प्रयास सफल नहीं हुए और खुद की जान पर बन आई, तो साथी बीरु पीछे हट गया और बाहर निकल आया। लेकिन विष्णु अपने बेटे को बचाने के लिए आखिरी सांस तक पानी के तेज बहाव से जूझता रहा। आखिरकार, दोनों बाप-बेटे देखते ही देखते पानी के तेज बहाव में बह गए। 10 दिन पहले ही नेपाल से आया था बेटा पॉल्ट्री फार्म संचालक सोनू ने बताया कि विष्णु के दो बेटे हैं, जिनमें से एक बेटा अभी भी नेपाल में ही रह रहा है। कुछ दिन पहले विष्णु की पत्नी अपने गांव नेपाल गई हुई थी। वह करीब 10 दिन पहले ही वापस लौटी थी और अपने साथ छोटे बेटे सुभाष (17) को भी ले आई थी हादसे के बाद से ही पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान चला रही है। पानी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू में दिक्कतें आ रही हैं। पुलिस प्रशासन की सख्ती बेअसर पुलिस प्रशासन की तरफ से नहरों पर नहाने को लेकर रोक लगा रखी है और रोजाना चेतावनी जारी की जा रही है। लेकिन बावजूद इसके घटनाएं हो रही है। इस सीजन में अब तक 15 युवाओं की डूबने से मौत हो चुकी है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 05, 2026, 15:36 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


फतेहाबाद में नेपाली मूल के पिता-पुत्र नहर में बहे, एसडीआरएफ तलाशी में जुटी #SubahSamachar