जालौन में ओवरटेक को लेकर कार-बाइक सवारों में हुई मारपीट
उरई कोतवाली क्षेत्र के कालपी रोड स्थित बृजवासी रेस्टोरेंट के सामने बुधवार को ओवरटेक को लेकर कार और बाइक सवारों के बीच जमकर मारपीट हो गई। बीच सड़क पर दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चले और गाली-गलौज होती रही। इससे अफरातफरी मच गई और कुछ देर के लिए जाम जैसे हालात बन गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कालपी रोड पर तेज रफ्तार से जा रहे कार चालक और बाइक सवार के बीच ओवरटेक को लेकर कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों ने वाहन सड़क किनारे रोक दिए और देखते ही देखते हाथापाई शुरू हो गई। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और मारपीट तेज हो गई। सूचना मिलने पर उरई कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक अधिकांश लोग वहां से जा चुके थे। पुलिस ने यातायात सुचारु कराया। सीओ राजीव कुमार शर्मा का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 18, 2026, 17:17 IST
जालौन में ओवरटेक को लेकर कार-बाइक सवारों में हुई मारपीट #SubahSamachar
